24 घंटे में हत्या का खुलासा: गुनगा पुलिस ने दबोचे 8 आरोपी, 24 साल पुरानी रंजिश और जमीन विवाद में हुई थी वारदात

Aug 30, 2026 - 21:01
 0  24
24 घंटे में हत्या का खुलासा: गुनगा पुलिस ने दबोचे 8 आरोपी, 24 साल पुरानी रंजिश और जमीन विवाद में हुई थी वारदात

रिपोर्ट------ मनीष श्रीवास्तव 

भोपाल। 

राजधानी के गुनगा थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भोपाल देहात पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के महज 24 घंटे के भीतर हत्या में शामिल आठ आरोपियों (जिनमें एक विधि-विरुद्ध बालक भी शामिल है) को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पुरानी रंजिश और जमीन के विवाद से जुड़ा हुआ है।

अस्पताल से मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को संजीवनी अस्पताल से सूचना मिली कि आदमपुर छावनी पठार निवासी कुंजीलाल यादव पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया है। गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उन्हें पीपुल्स अस्पताल ले गए, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के 19 वर्षीय पुत्र ऋषि यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू की।

जंगल में घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी

पुलिस अधीक्षक देहात पंकज कुमार पाण्डेय, एएसपी प्रमोद कुमार सोनकर और एसडीओपी बैरसिया वैशाली कराहलिया के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाई गई। गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव की अगुवाई में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर करोंदिया के जंगलों से घेराबंदी कर आठों आरोपियों को धर दबोचा।

24 साल पुरानी रंजिश और जमीन विवाद बना वजह

शुरुआती जांच में सामने आया कि करीब 24 वर्ष पहले मृतक द्वारा मुख्य आरोपियों की मां को अपने साथ ले जाने को लेकर रंजिश चली आ रही थी। इसके अलावा, मृतक की पत्नी का अपने पूर्व पति की जमीन में हिस्सेदारी को लेकर कोर्ट में केस चल रहा था। इसी पुरानी दुश्मनी और जमीनी विवाद के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने ग्राम करोंदिया निवासी पप्पू उर्फ अनिल (32), नितिन उर्फ नित्तू (24), राहुल सिलावट (30), सोनू सिलावट (21), राज बंशकार (18), गुनगा निवासी अनिकेत मेहर (20), पीपलखेड़ा निवासी अयान खान (18) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल डंडा, चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की जा रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस त्वरित कार्रवाई में बैरसिया थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी, गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव, उप निरीक्षक रामसिंह मीना, रामचरण यादव, के.सी. यादव, प्रधान आरक्षक योगेन्द्र शुक्ला, मनोज, धनीराम और साइबर सेल के आरक्षक योगेश भावसार की मुख्य भूमिका रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow