मध्यप्रदेश में गौवंश-पशु तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, एक माह में 409 पशु मुक्त
सिवनी, खरगोन, कटनी और बुरहानपुर में बड़ी कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त; कई आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, 5 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश में गौवंश एवं पशुओं की अवैध तस्करी, क्रूरतापूर्वक परिवहन और अवैध बूचड़खानों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस द्वारा विगत एक माह में सिवनी, खरगोन, कटनी और बुरहानपुर जिलों में कार्रवाई करते हुए कुल 409 पशु एवं गौवंश को तस्करी से मुक्त कराया गया। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को जब्त करने के साथ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कटनी में 354 पशुओं को कराया मुक्त
कटनी जिले की निवार चौकी पुलिस ने बिना परमिट और क्रूरतापूर्वक 354 पशुओं का परिवहन किए जाने का मामला पकड़ा। कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 354 पशुओं के साथ तस्करी में प्रयुक्त 12 चक्का टाटा ट्रक भी जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मोटरयान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
सिवनी में कंटेनर से 23 गौवंश बरामद
सिवनी कोतवाली पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सागर से नागपुर ले जाए जा रहे 23 गौवंश को मुक्त कराया। मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर जब्त किया गया।
इसके अलावा पुलिस ने अवैध रूप से संचालित बूचड़खाने के खिलाफ भी कार्रवाई की। यहां से 4 मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जबकि 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
खरगोन में 14 गौवंश और दो वाहन जब्त
खरगोन जिले में पुलिस ने गौवंश की अवैध तस्करी के अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 14 गौवंश को मुक्त कराया। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन भी जब्त किए गए। पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
बुरहानपुर में 14 गौवंश मुक्त, ट्रक जब्त
बुरहानपुर कोतवाली पुलिस ने अवैध गौवंश परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 नग गौवंश को मुक्त कराया। पुलिस ने करीब 2 लाख 80 हजार रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त किया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अवैध पशु परिवहन, गौवंश तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पशु तस्करी या ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
What's Your Reaction?