36 स्कूलों के व्यावसायिक प्रशिक्षकों को 7 माह से नहीं मिला मानदेय, अपर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन*

Oct 28, 2026 - 23:26
 0  5
36 स्कूलों के व्यावसायिक प्रशिक्षकों को 7 माह से नहीं मिला मानदेय, अपर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन*

रिपोर्ट--- आकाश नामदेव 

अनूपपुर। 

जिले भर के 36 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत व्यावसायिक शिक्षा योजना में कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षकों (Vocational Trainers) को पिछले 7 महीनों से मानदेय नहीं मिला है। भुगतान न होने से परेशान प्रशिक्षक आज मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ये सभी प्रशिक्षक एक प्राइवेट कंपनी वोकेशनल ट्रेनिंग प्रोवाइडर (VTP) के माध्यम से पिछले 10 वर्षों से जिले के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को विभिन्न ट्रेड्स में तकनीकी एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण दे रहे हैं।

प्रशिक्षकों ने बताया कि कई महीनों से सेवा प्रदाता कंपनी द्वारा उनका मानदेय अकारण लंबित रखा गया है। इससे वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। दीपावली पर्व नजदीक होने से परिवार के सामने संकट और गहरा गया है।

आज कलेक्टर अनूपपुर से मिलने पहुंचे प्रशिक्षकों की मुलाकात कलेक्टर से नहीं हो सकी, जिसके बाद उन्होंने अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उन्होंने मांग की है कि जिले में कार्यरत समस्त अनुबंधित वोकेशनल ट्रेनिंग प्रोवाइडर्स को तत्काल निर्देश जारी कर दीपावली पर्व से पूर्व समस्त प्रशिक्षकों के लंबित मानदेय एवं चालू माह के वेतन का शत-प्रतिशत भुगतान उनके बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाए तथा नियमानुसार देय त्योहार अग्रिम एवं बोनस भी प्रदान किया जाए।

उन्होंने कहा कि आउटसोर्स एवं संविदा पर कार्यरत कर्मियों को समय पर पारिश्रमिक मिलना उनका विधिक एवं मानवीय अधिकार है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow