भोपाल में वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा, 4 मोटरसाइकिलें बरामद
कमला नगर पुलिस ने दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया, करीब 4 लाख रुपये का मशरूका जब्त; दो अन्य आरोपी फरार
भोपाल। कमला नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये है। पूछताछ में टीटी नगर और रातीबड़ थाना क्षेत्रों में भी वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। मामले में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपी राजपाल हाड़ा और समीर फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को सुदामा नगर निवासी प्रियंका सोरेन (33), पति रोहित जैन ने कमला नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP-04-YU-9743 घर के बाहर खड़ी थी। अगले दिन सुबह मोटरसाइकिल अपने स्थान से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद वाहन का पता नहीं चला।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 372/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
विवेचना के दौरान 30 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोरी करने वाले संदिग्ध थाना क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर कमला नगर थाना पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को अभिरक्षा में लिया।
शुरुआत में दोनों के पास उम्र संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे और पूछताछ में उन्होंने स्वयं को बालिग बताया था। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय से पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। रिमांड के दौरान दोनों के अलग-अलग मेमोरेण्डम के आधार पर चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। संबंधित मामलों में 4 अक्टूबर 2026 को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
टीटी नगर और रातीबड़ में भी चोरी की वारदातें
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों अपचारी बालकों ने टीटी नगर और रातीबड़ थाना क्षेत्रों में भी वाहन चोरी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है। इन मामलों में संबंधित थाना पुलिस से समन्वय कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इन चार मोटरसाइकिलों को किया बरामद
पुलिस ने कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें शामिल हैं—
पल्सर 150 सीसी (काली) — वाहन क्रमांक MP-04-YP-0867, अपराध क्रमांक 160/26।
स्प्लेंडर मोटरसाइकिल — वाहन क्रमांक MP-04-YU-9743, अपराध क्रमांक 372/26।
पल्सर 125 सीसी (काली) — वाहन क्रमांक MP-49-AT-5752, अपराध क्रमांक 470/26।
पल्सर मोटरसाइकिल (काली) — वाहन क्रमांक MP-37-ZF-1566।
चौथी मोटरसाइकिल थाना बिलकिसगंज, जिला सीहोर क्षेत्र से चोरी होना पाया गया है। इस संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस को सूचित किया गया है।
दस्तावेजों से हुई अपचारी बालकों की उम्र की पुष्टि
कार्रवाई के दौरान दोनों की जन्मतिथि और उम्र से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध दस्तावेजों और अभिलेखों के आधार पर दोनों की उम्र 18 वर्ष से कम पाई गई है। ऐसे में नियमानुसार रिमांड पत्रावली प्रधान न्यायाधीश, किशोर न्याय बोर्ड, जिला भोपाल के समक्ष प्रस्तुत की जा रही है।
दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
प्रकरण में संलिप्त बताए जा रहे राजपाल हाड़ा और समीर फिलहाल फरार हैं। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की अन्य घटनाओं और मामले में शामिल दूसरे व्यक्तियों के संबंध में भी विवेचना जारी है।
What's Your Reaction?