-शाहगढ़ में शराब सेवन से मौतों पर CM सख्त, 7 शराब दुकानें सील
भोपाल। सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब सेवन से हुई मौतों की घटना को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने घटना को दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने ली घटना की जानकारी
उप-मुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने भी अधिकारियों से तत्काल घटना की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में जांच, राहत और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से कुछ लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि कुछ लोग उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि घटना के लिए जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
नौराज और गूगरा खुर्द में पहुंचा प्रशासन
बंडा ब्लॉक के ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में शराब सेवन से मौतों की सूचना के बाद प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रथम दृष्टया एहतियात के तौर पर क्षेत्र की 7 शराब दुकानों को सील किया गया है। साथ ही शराब के सैंपल लेकर जांच के निर्देश दिए गए हैं।
शराब पीने वालों से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। ऐसे लोग एहतियात के तौर पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर अपनी जांच और उपचार कराएं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध या अवैध शराब का सेवन न करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।
What's Your Reaction?