जावरा में परम्परागत रास्ता बंद करने का आरोप, किसानों ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार
जावरा।
तहसील के ग्राम सेजावता के किसानों ने वर्षों पुराने परम्परागत रास्ते और पानी की निकासी बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए एसडीएम न्यायालय जावरा में आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि रास्ता बंद होने से खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है और बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या भी उत्पन्न होने की आशंका है।
किसानों के अनुसार ग्राम सेजावता से बरखेड़ी और उपलाई तक जाने वाला यह परम्परागत मार्ग लंबे समय से कृषि कार्यों के लिए उपयोग में लिया जाता रहा है। इसी रास्ते से किसान खेतों तक पहुंचते हैं तथा ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और फसल का परिवहन करते हैं।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित पक्ष ने उक्त परम्परागत रास्ते को अपनी भूमि में मिलाकर उस पर दीवार बना दी है, जिससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। साथ ही खेतों से पानी की निकासी का मार्ग भी बंद कर दिया गया है।
किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही रास्ता और पानी की निकासी बहाल नहीं की गई तो आगामी दिनों में खेती-किसानी और फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
किसानों ने एसडीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कर परम्परागत रास्ता और पानी की निकासी तत्काल खुलवाने की मांग की है। प्रशासन ने आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
What's Your Reaction?