मैहर की 112 आंगनवाड़ियां बनीं डिजिटल, टीवी और खेल सामग्री से हुईं सुसज्जित
मैहर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप मैहर जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक और बच्चों के अनुकूल बनाने की पहल की गई है। कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी के निर्देशन में जिले की 112 सक्षम आंगनवाड़ियों को डिजिटल सुविधाओं, स्वच्छ पेयजल और खेल सामग्री से सुसज्जित किया गया है।
जिले के मैहर विकासखंड में 47, अमरपाटन में 27 और रामनगर में 38 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में यह सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन केंद्रों में बच्चों के लिए 32 इंच की एलसीडी टीवी लगाई गई है। टीवी के साथ कहानी, कार्टून, बाल गीत और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े वीडियो वाली पेनड्राइव भी उपलब्ध कराई गई है।
वीडियो के जरिए बच्चों को मिलेगी डिजिटल शिक्षा
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता टीवी और पेनड्राइव के माध्यम से बच्चों को उनकी उम्र एवं सीखने की क्षमता के अनुसार शैक्षणिक और मनोरंजक वीडियो दिखा सकेंगी। इससे बच्चों को ऑडियो-विजुअल माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा और पढ़ाई को अधिक रोचक बनाने में मदद मिलेगी।
वाटर फिल्टर और खेल सामग्री भी उपलब्ध
बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों में वाटर फिल्टर लगाए गए हैं। वहीं बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए झूला, फिसलपट्टी सहित विभिन्न खेल उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं।
शिक्षा, पोषण और मनोरंजन का केंद्र बनेंगी आंगनवाड़ियां
इस पहल का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल पोषण आहार वितरण तक सीमित न रखते हुए उन्हें बच्चों के लिए शिक्षा, खेल, मनोरंजन और सीखने का आकर्षक केंद्र बनाना है। डिजिटल टीवी, शैक्षणिक वीडियो और खेल सामग्री के माध्यम से बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने और खेल-खेल में शिक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले में की गई इस पहल से आंगनवाड़ी केंद्रों का वातावरण अधिक आकर्षक और बच्चों के अनुकूल होने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?