उज्जैन शाही मस्जिद विवाद पर वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सनवर पटेल का बयान, बोले- मस्जिद नहीं हटाई जा रही
उज्जैन। शाही मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद के बीच मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल का बयान सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उज्जैन की शाही मस्जिद को न तो हटाया जा रहा है और न ही विस्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहा मस्जिद का सिर्फ वही हिस्सा समाज और मस्जिद कमेटी द्वारा स्वयं हटाया जा रहा है।
सनवर पटेल ने बताया कि प्रशासन के साथ हुई बैठक में शहर काजी और मुस्लिम समाज के वरिष्ठ लोगों की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया था कि चौड़ीकरण की जद में आ रहे मस्जिद के हिस्से को समाज के लोग खुद हटाएंगे। प्रशासन की ओर से इसे नहीं हटाया जाएगा। इसी निर्णय के तहत संबंधित हिस्से को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
ओवैसी के बयान पर भी बोले सनवर पटेल
असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सनवर पटेल ने कहा कि ओवैसी ने इस मामले को नए वक्फ कानून से जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि शाही मस्जिद हटाई नहीं जा रही है और इस मामले को लेकर लोगों को भड़काने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि मस्जिद से जुड़ी कमेटी और पंच मोचीयान समाज की ओर से न्यायालय का रुख किया गया था। हालांकि, बाद में शहर और समाज के हित को देखते हुए प्रशासन के साथ बैठक में मस्जिद के उस हिस्से को हटाने पर सहमति बनी, जो चौड़ीकरण की जद में आ रहा है। इसमें कुछ दुकानें और मीनार का हिस्सा शामिल बताया गया है।
'समाज को भ्रमित और भड़काने का काम न करें'
सनवर पटेल ने कहा कि कुछ लोग इस मामले में लोगों को भ्रमित करने और भड़काने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज के वरिष्ठ लोगों ने बैठकर जो निर्णय लिया है, उसी के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बाहर से लोगों को भड़काने और झूठ फैलाने वालों से ऐसा नहीं करने की अपील की। पटेल ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या लोगों को भड़काने का प्रयास करेगा तो कानून अपना काम करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में वक्फ कानून को अनावश्यक रूप से बीच में नहीं लाया जाना चाहिए और लोगों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाना चाहिए।
What's Your Reaction?