छात्रों पर बर्बरता के विरोध में एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन, सीएम मोहन यादव का फूंका पुतला
भोपाल। राजधानी में आयोजित यूथ कॉन्क्लेव के दौरान छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस बर्बरता, मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय 'इंदिरा भवन' के बाहर जमकर हंगामा किया और गृहमंत्री मोहन यादव का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
'छात्रों की गूंज' की नकल कर रही सरकार: आशुतोष चौकसे
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व गृहमंत्री मोहन यादव केवल राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की नकल कर रहे हैं। महज आयोजनों की नकल करने से प्रदेश के युवाओं और छात्रों की जमीनी समस्याएं हल नहीं होने वाली हैं। चौकसे ने कहा, "विडंबना देखिए कि जिस कार्यक्रम में छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए थी, वहीं उन पर लाठियां भांजी गईं और बाल खींचकर बर्बरता की गई।"
भर्तियों और बेरोजगारी पर काम करे सरकार
एनएसयूआई अध्यक्ष ने मांग की कि सरकार दिखावे के आयोजन बंद कर लंबित भर्तियों, समय पर परीक्षाएं कराने, परीक्षा परिणाम जारी करने और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करे। उन्होंने चेताया कि सरकार लाठी के दम पर छात्रों की आवाज दबा नहीं सकती। एनएसयूआई छात्रों के हक के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
इस उग्र प्रदर्शन में एनएसयूआई प्रदेश सचिव अमन पठान, जिला उपाध्यक्ष वंश कनौजिया, पीयूष पवार, अंकित पटेल, प्रणव सक्सेना, आदित्य राजपूत और तारीक खान समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?