शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज होने के कुछ घंटों में पुलिस ने दबोचा
भोपाल,
शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला का कथित रूप से शारीरिक शोषण करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रकरण दर्ज होने के कुछ ही घंटों में आरोपी को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह गिरफ्तारी के डर से फरार होने की तैयारी में था।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता सुमन (परिवर्तित नाम), निवासी भोपाल की शिकायत पर थाना शाहजहांनाबाद में अपराध क्रमांक 549/26 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(h), 69 और 115(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
रिश्तेदारी के चलते होता था आना-जाना
पुलिस जांच के मुताबिक, पीड़िता पिछले करीब दो वर्षों से अपने पति से अलग होकर मायके में रह रही थी। आरोपी नीरज से उसकी रिश्तेदारी होने के कारण उसका पीड़िता के घर आना-जाना और मिलना-जुलना रहता था।
आरोप है कि आरोपी ने महिला की पारिवारिक परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए उससे शादी करने का भरोसा दिया और इसी बहाने उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी कथित तौर पर उससे दूरी बनाने लगा और अलग रहने लगा।
फरार होने से पहले पुलिस ने पकड़ा
मामला दर्ज होने के बाद शाहजहांनाबाद पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी गिरफ्तारी के डर से फरार होने की तैयारी में है। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए उसे फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज पिता मुकेश मैना (27), निवासी वाजपेयी नगर, ईदगाह हिल्स, थाना शाहजहांनाबाद, भोपाल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में पहले से चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
न्यायालय ने भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को 15 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल भोपाल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश पाल सिंह चौहान, उप निरीक्षक योगिता जैन, प्रधान आरक्षक 3135 राजेश भारती, प्रधान आरक्षक गजराज सिंह, प्रधान आरक्षक उदयशंकर पासी, आरक्षक कमलाकर, आरक्षक विजय शर्मा और महिला आरक्षक निकिता बकरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?