बर्खास्त पुलिसकर्मी ने नशे की हालत में सड़क पर किया हंगामा, ट्रक के नीचे लेटकर बोला- मुझ पर चढ़ा दो वाहन
सांची रोड पर पुलिस लाइन के सामने आधे घंटे तक चलता रहा ड्रामा, सड़क के दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतारें
रायसेन।
शहर के सांची रोड पर शुक्रवार को एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। पुलिस लाइन के सामने बीच सड़क पर हंगामा करते हुए वह अचानक एक ट्रक के नीचे जाकर लेट गया और चालक से कहने लगा- मुझ पर ट्रक चढ़ा दो। करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बर्खास्त पुलिसकर्मी नशे की हालत में सड़क पर हंगामा कर रहा था। उसे समझाने के लिए उसकी पत्नी और राहगीरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। कभी वह बीच सड़क पर हंगामा करता तो कभी ट्रक के नीचे लेटकर अपनी जान जोखिम में डालने लगा। इस दौरान उसने ट्रक चालक से अपने ऊपर वाहन चढ़ाने तक की बात कही।
बताया जा रहा है कि संबंधित पुलिसकर्मी पहले से ही नशे की हालत में रहने को लेकर चर्चा में रहता है और विभाग से बर्खास्त हो चुका है। घटना के दौरान सड़क से निकलने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक भी पहुंचाई गई।
करीब आधे घंटे तक चले इस हंगामे के बाद किसी तरह उसे सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस लाइन के सामने ही एक बर्खास्त पुलिसकर्मी के इस तरह सड़क पर हंगामा करने की घटना दिनभर चर्चा का विषय बनी रही।
What's Your Reaction?