रीवा में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम के बंगले में घुसकर जताया विरोध

Sep 6, 2026 - 19:58
 0  6
रीवा में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम के बंगले में घुसकर जताया विरोध
रीवा में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम के बंगले में घुसकर जताया विरोध
रीवा में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम के बंगले में घुसकर जताया विरोध

जच्चा-बच्चा की मौत और जिंदा व्यक्ति को मुर्दा घोषित करने के मामलों पर स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग, पुलिस से हुई झूमाझटकी

रीवा। प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर है। इसी कड़ी में रीवा में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ता उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला के बंगले तक पहुंच गए और परिसर में घुसकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई, जिसके चलते मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि रीवा में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े गंभीर मामलों के बावजूद सरकार जिम्मेदारी तय करने में नाकाम रही है। प्रदर्शनकारियों ने जच्चा-बच्चा की मौत, अस्पताल की व्यवस्थाओं और एक जिंदा व्यक्ति को कथित तौर पर मुर्दा घोषित किए जाने के मामले को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रसूता की पांचवीं मंजिल से गिरकर मौत, अस्पताल में मारपीट और अस्पताल का छज्जा गिरने जैसी घटनाएं स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

युवक कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं तो इसकी जिम्मेदारी सरकार और स्वास्थ्य विभाग को लेनी चाहिए। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफे की मांग की।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ता डिप्टी सीएम के बंगले के अंदर पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बनी। कुछ समय के लिए मौके पर तनाव बढ़ गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और सरकार आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने में विफल साबित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जच्चा-बच्चा की मौत और जिंदा व्यक्ति को मुर्दा घोषित किए जाने जैसी घटनाएं सिस्टम की गंभीर लापरवाही को उजागर करती हैं।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और संबंधित मामलों में जिम्मेदारी तय नहीं की गई तो पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow