कृष्णमय हुआ भोपाल: CM मोहन यादव ने बाल गोपाल संग फोड़ी मटकी, बच्चों को खिलाया माखन-मिश्री

Sep 4, 2026 - 18:22
 0  15
कृष्णमय हुआ भोपाल: CM मोहन यादव ने बाल गोपाल संग फोड़ी मटकी, बच्चों को खिलाया माखन-मिश्री
कृष्णमय हुआ भोपाल: CM मोहन यादव ने बाल गोपाल संग फोड़ी मटकी, बच्चों को खिलाया माखन-मिश्री

भोपाल। 

श्रद्धा और उल्लास के साथ राजधानी भोपाल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया। मुख्यमंत्री निवास भी भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री निवास पर कृष्णमय वातावरण

मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में भक्ति संगीत, मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा 101 से अधिक बच्चों का राधा-कृष्ण की वेशभूषा में शामिल होना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं हाथ में मटकी लेकर बाल गोपाल के साथ मटकी फोड़ी और बच्चों को अपने हाथों से माखन-मिश्री खिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा- श्रीकृष्ण का जीवन आज भी प्रासंगिक

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन आज भी मानव समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने अपने जीवन के माध्यम से कर्म, धर्म, सत्य और मानव कल्याण का मार्ग दिखाया है। उनके जीवन से कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखने, कर्तव्य निभाने और चुनौतियों से निकलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने संदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण करने का उदाहरण देते हुए गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों के विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को विकसित कर उनकी ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को सामने लाया जाएगा। उन्होंने जानापाव (जहां भगवान परशुराम से श्रीकृष्ण को सुदर्शन चक्र प्राप्त होने की मान्यता है), उज्जैन के संदीपनि आश्रम, धार के अमझेरा और महिदपुर के नारायण धाम जैसे स्थलों को विशेष महत्व देने की बात कही।

बरखेड़ी से शब्बन चौराहे तक निकला भव्य जुलूस

वहीं, जन्माष्टमी पर बरखेड़ी स्थित अहीर यादव समाज के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद जहांगीराबाद से शब्बन चौराहे तक भगवान श्रीकृष्ण का भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में राधा-कृष्ण की पीतल की प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र रहीं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी हुए शामिल

इस शुभ अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित यह जन्माष्टमी उत्सव श्रद्धा, संस्कृति और भारतीय परंपराओं का अद्भुत संगम बन गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow