रीवा में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन: पेंशन प्रकरण के नाम पर ₹3 हजार की रिश्वत लेते जल संसाधन विभाग का अमीन गिरफ्तार
रीवा
मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में रीवा लोकायुक्त पुलिस ने जल संसाधन विभाग के अमीन रामबरण मिश्रा को पेंशन प्रकरण के नाम पर ₹3 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता मोनू नापित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मां के पेंशन प्रकरण को तैयार करने के एवज में अमीन रामबरण मिश्रा पहले ही ₹5 हजार ले चुका था। इसके बावजूद वह कुल ₹7 हजार की अतिरिक्त रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत के सत्यापन के दौरान यह पुष्टि हुई कि आरोपी ₹4 हजार ले चुका है और शेष ₹3 हजार की रिश्वत लेने की मांग कर रहा है। शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बाणसागर कॉलोनी स्थित जल संसाधन विभाग कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को ₹3 हजार की रिश्वत दी, लोकायुक्त की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय कर्मचारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत लोकायुक्त से करें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
What's Your Reaction?