महामन बीट में करंट से चीतल की मौत

Oct 26, 2026 - 17:31
 0  6
महामन बीट में करंट से चीतल की मौत

रिपोर्ट---- आकाश नामदेव 

 खेत की फेंसिंग में मिला अवैध विद्युत कनेक्शन

धमोखर में वन्यजीवों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

उमरिया/बांधवगढ़। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर परिक्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर कठघरे में है। परिक्षेत्र के महामन बीट में करंट की चपेट में आने से एक चीतल की मौत का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 अक्टूबर की रात वन अमला नियमित गश्त पर था। इसी दौरान बीट परासी के कक्ष क्रमांक *पी-114* से लगे महामन गांव के राजस्व क्षेत्र में खेत की मेड़ के नीचे एक चीतल मृत अवस्था में मिला। अंधेरा अधिक होने के कारण उसी समय विस्तृत जांच नहीं हो सकी। अगले दिन सुबह वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

*चार परत की GI तार फेंसिंग में दौड़ रहा था घरेलू करंट*

जांच में पाया गया कि खेत के चारों ओर चार परतों में जीआई तार की फेंसिंग की गई थी और उसे घरेलू विद्युत कनेक्शन से जोड़कर उसमें करंट प्रवाहित किया जा रहा था। प्रारंभिक साक्ष्यों से स्पष्ट है कि चीतल की मौत इसी करंट की चपेट में आने से हुई है। हालांकि यह शिकार की मंशा से किया गया था या फसल सुरक्षा के लिए, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

*एक सप्ताह में दूसरा मामला*

गौरतलब है कि इसी सप्ताह धमोखर परिक्षेत्र की बसकुटा बीट में नीलगाय की संदिग्ध मौत के मामले में वन विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। उस मामले की जांच अभी ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि महामन बीट में चीतल की मौत ने विभाग की गश्ती और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बतादें कि इस क्षेत्र में पूर्व में बाघ के शिकार से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद बड़ा सवाल यह है कि राजस्व और वन सीमा से लगे खेतों में खुले तौर पर अवैध विद्युत फेंसिंग का खेल कैसे चल रहा है और इस पर अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा?

फिलहाल पार्क प्रबंधन ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर मृत चीतल का परीक्षण और शवदाह कर दिया है। विभाग का कहना है कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान होते ही वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow