17 सितंबर को लाभार्थियों के घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। बुधवार को सांसद आलोक शर्मा ने सीहोर नगर मंडल क्रमांक-1 एवं 2 की कार्यसमिति और कार्यशाला की बैठक को संबोधित कर अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी दी।
शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचकर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को मोहल्लावार प्रभारी नियुक्त कर लाभार्थियों की सूची तैयार करने और दीयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
18 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के तहत स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं ‘सेवा स्मरण’ के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। महिला मोर्चा ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम के जरिए आंगनवाड़ी से जुड़ी महिलाओं से संवाद करेगा और उन्हें सम्मानित करेगा।
बैठक में ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया गया। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय, संगठन प्रभारी विकास वीरानी सहित जिला एवं मंडल पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य और पार्षद मौजूद रहे।
What's Your Reaction?