मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, घर में घुसकर महिला पर गैती से हमला, सिर में गंभीर चोट, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
रिपोर्ट--- आकाश नामदेव
अनूपपुर ।
कोतमा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पूर्व विधायक सुनील सराफ के बाड़ा में रहने वाले दो परिवारों - जायसवाल परिवारों के बीच मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया।
*गैती से किया जानलेवा हमला*
बताया जा रहा है कि आरोपी डालचंद, उसकी पत्नी सुनीता और उनके बेटे ने मिलकर पड़ोस में रहने वाले मट्टू जायसवाल की पत्नी *जगन्तु जायसवाल* के घर में अकेले पाकर घुसकर हमला कर दिया। आरोपियों ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और पास में रखी लोहे की गैती से महिला के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश होकर गिर पड़ी।
*पूर्व विधायक के यहां काम करता है पति*
घटना के समय मट्टू जायसवाल पूर्व विधायक सुनील सराफ के घर पर काम कर रहा था। सूचना मिलते ही वह दौड़ा-दौड़ा पहुंचा और घायल पत्नी को तत्काल कोतमा अस्पताल ले गया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
*पुलिस जांच में जुटी*
अस्पताल से मिली तहरीर के बाद कोतमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों डालचंद, सुनीता और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?