मैहर में कांग्रेस का कैंडल मार्च: NEET-CBSE परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन, छात्र-युवाओं को दी श्रद्धांजलि

Jul 25, 2026 - 22:50
 0  6
मैहर में कांग्रेस का कैंडल मार्च: NEET-CBSE परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन, छात्र-युवाओं को दी श्रद्धांजलि

मैहर |

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी मैहर ने शनिवार को NEET एवं CBSE परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, छात्र-युवाओं पर हुए कथित दमन तथा जंतर-मंतर में दिवंगत छात्र-युवाओं की स्मृति में कैंडल मार्च एवं सत्याग्रह का आयोजन किया।

कैंडल मार्च शहर के घंटाघर से शुरू होकर कटरा बाजार और काली माता चौक होते हुए पुनः घंटाघर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दिवंगत छात्र-युवाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षाएं और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

जिला कांग्रेस कमेटी मैहर के अध्यक्ष धर्मेश घई 'रोमी' ने कहा कि छात्र-युवा देश का भविष्य हैं और उनकी मेहनत व प्रतिभा के साथ पेपर लीक जैसी घटनाओं के माध्यम से खिलवाड़ करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने वाले छात्रों पर कथित दमन किसी भी लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। कांग्रेस पार्टी छात्रों के न्याय, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था, युवाओं के अधिकारों और बेहतर शिक्षा प्रणाली के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है और कांग्रेस हर स्तर पर छात्र-युवाओं की आवाज बुलंद करती रहेगी। कार्यक्रम में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, विभिन्न विभाग एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow