चित्रकूट गैंगरेप: NEET परीक्षार्थी के साथ सामूहिक दुष्कर्म, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी

Jul 25, 2026 - 18:25
 0  11
चित्रकूट गैंगरेप: NEET परीक्षार्थी के साथ सामूहिक दुष्कर्म, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी

सतना/चित्रकूट।

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के देवांगना घाटी जंगल में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मध्य प्रदेश के सतना जिले की रहने वाली 20 वर्षीय NEET परीक्षा की छात्रा के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताकर पहले छात्रा के 17 वर्षीय नाबालिग दोस्त को बेल्ट से पीटा और गमछे से हाथ-पैर बांधकर बंधक बना लिया, फिर छात्रा के साथ दरिंदगी को अंजाम दिया।

वारदात का विवरण

22 जुलाई, बुधवार को दोपहर करीब 3 बजे यह घटना हुई। छात्रा, जो राजस्थान के कोटा में रहकर NEET की तैयारी कर रही थी, छुट्टियों में अपने घर सतना आई थी। उसके सोशल मीडिया के माध्यम से हुई दोस्ती वाले 17 वर्षीय युवक के बुलावे पर वह चित्रकूट घूमने पहुंची थी।

दोनों देवांगना घाटी की पहाड़ी पर बाइक से गए और रील बनाने लगे। तभी एक बाइक पर तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताकर उन्हें डराने-धमकाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने नाबालिग युवक को बेल्ट से जमकर पीटा और गमछे से हाथ-पैर बांध दिए।

इसके बाद आरोपी छात्रा को झाड़ियों में घसीट ले गए और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। नाबालिग ने पुलिस को बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड चीखती रही और रहम की भीख मांगती रही, लेकिन आरोपियों ने उसे नहीं छोड़ा।

पुलिस को सूचना और जांच

वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। नाबालिग ने किसी तरह खुद को बंधनमुक्त किया और घटनास्थल से कुछ दूरी पर नेटवर्क मिलने पर डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। कर्वी पुलिस की टीम शाम करीब 4:45 बजे मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया।

चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज में तीनों संदिग्ध बाइक पर जाते दिखे हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रशासनिक हस्तक्षेप

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज जोन के ADG ज्योति नारायण और DIG राजेश कुमार एस. ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। DIG राजेश कुमार एस. फिलहाल चित्रकूट में डेरा डाले हुए हैं और जांच की निगरानी कर रहे हैं।

राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा भी चित्रकूट पहुंची और पुलिस अधिकारियों को तलब कर मामले की जांच ली।

विपक्ष का हमला

सपा के सदर विधायक अनिल प्रधान ने प्रदेश सरकार और पुलिस-प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि घटना स्थल से प्रस्तावित देवांगना हवाई अड्डे की सीमा मात्र 500 मीटर और कलेक्ट्रेट एवं SP कार्यालय सिर्फ 3 किमी दूर है, फिर भी दिनदहाड़े ऐसी वारदात हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो SP कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow