हरदीप पुरी के राज्यसभा नामांकन पर कांग्रेस का विरोध, माधवगंज चौराहे पर फूंका पुतला
एपिस्टिन फाइल्स विवाद का हवाला देकर भाजपा पर साधा निशाना, कांग्रेस नेताओं ने की नामांकन वापस लेने की मांग
विदिशा।
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए नामांकित किए जाने के विरोध में जिला और नगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माधवगंज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हरदीप पुरी का पुतला दहन कर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की और इस फैसले पर अपना विरोध दर्ज कराया।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने भाजपा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि एपिस्टिन फाइल्स के संदर्भ में सार्वजनिक चर्चा में आए व्यक्ति को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजने का निर्णय कई सवाल खड़े करता है। भाजपा नेतृत्व को प्रदेश की जनता के सामने इस फैसले पर जवाब देना चाहिए।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष रवि साहू ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता के सम्मान और प्रदेश की राजनीतिक गरिमा से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर भाजपा नैतिकता और सुशासन की बात करती है, वहीं दूसरी ओर विवादों में आए व्यक्ति को राज्यसभा के लिए नामांकित कर रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुशील शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अस्मिता और राजनीतिक मर्यादा से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस अपना विरोध जारी रखेगी।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रवि साहू, कांग्रेस प्रवक्ता सुशील शर्मा, गोविंद भार्गव, रूप सिंह किरार, रामराज सिंह दांगी, शरद शर्मा, नरेंद्र शर्मा, गोविंद सिंह राजपूत, कमलेश शर्मा, सुमित पाल, नवनीत कुशवाहा, महेंद्र वार्क, थान सिंह कुशवाहा, माधो सिंह अहिरवार, संतोष चिढ़ार, राहुल रघुवंशी, राजेश रघुवंशी, धीरज सिंह लोधी, नरेंद्र रायकवार, नर्मदा अहिरवार, लक्ष्मीनारायण शर्मा और आयुष जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?