मानसून में बस संचालन को लेकर प्रशासन अलर्ट, बस संचालकों को दिए सख्त निर्देश
रतलाम,
बारिश के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस एवं जिला प्रशासन ने सोमवार को जिले के बस संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की। बैठक में मानसून के दौरान सुरक्षित बस संचालन, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षा मानकों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश कुमार पंद्रो, यातायात डीएसपी आनंद स्वरूप सोनी, अपर कलेक्टर बृजेन्द्र कुमार रावत, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) जगदीश बिल्लौरे, यातायात थाना प्रभारी राजशेखर वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिले के विभिन्न बस संचालकों और उनके प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि बारिश के दौरान जलमग्न रपटों और अधिक पानी वाले मार्गों पर किसी भी स्थिति में बसों का संचालन नहीं किया जाए। रात्रिकालीन यात्रा में डिपर और पार्किंग लाइट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा सड़क और मौसम की स्थिति के अनुरूप वाहन चलाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा और चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही ओवरलोडिंग, बस की छत पर यात्रियों को बैठाकर यात्रा कराने और सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने प्रत्येक बस में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने और इमरजेंसी एग्जिट को पूरी तरह कार्यशील बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक के अंत में प्रशासन ने बस संचालकों से मानसून के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
What's Your Reaction?