अपराधी को चढ़ा रील्स का खुमार, हत्या के प्रयास के आरोपी के हथकड़ी पहने वीडियो वायरल
रिपोर्ट---- आकाश नामदेव
शहडोल /अमलाई ।
अमलाई थाने में एक हत्या के प्रयास के आरोपी ने पुलिस वैन में चढ़ने से पहले जो हीरोपंती दिखाई, उसने सबको चौंका दिया। बड़े बड़े बाल, पैंट की जेब में हाथ, चेहरे पर बेखौफ मुस्कान और लहराते हुए कदम , स्वैग वाला पोज, आरोपी न्यायालय जाने के लिए तैयार हैं। कैमरा रिकॉर्डिंग कर रहा है। लेकिन तभी एक आरोपी का अंदाज देखकर कुछ सेकंड के लिए ऐसा भ्रम पैदा होता है, मानो गिरफ्तारी नहीं, किसी फिल्म की शूटिंग चल रही हो, हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार आरोपी का यह फिल्मी अंदाज अब अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है।
मामला अमलाई थाना क्षेत्र के चीफ हाउस आलमगंज का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार राजा चिकन सेंटर के सामने किसी बात को लेकर मो. आशिक का अरसद अंसारी, भक्ति कोल और योगेंद्र उर्फ छोटू से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज के बाद आशिक पर चाकू से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। आशिक की शिकायत पर अमलाई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत मारपीट से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
लेकिन इसके बाद थाने के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। पुलिस जब आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए वाहन तक लेकर पहुंची, उसी दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही थी। वीडियो में लंबे बाल वाला एक आरोपी पैंट की जेब में हाथ डालकर बेहद बेफिक्र अंदाज में चलता और कैमरे की तरफ स्वैप वाला पोज देता दिखाई दे रहा है। उसका अंदाज इतना फिल्मी नजर आया कि वीडियो देखने वालों को पहली नजर में ऐसा लगा, जैसे किसी थाने में गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं बल्कि किसी फिल्म की शूटिंग चल रही हो। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग पुलिस की मौजूदगी में आरोपी के इस अंदाज को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
What's Your Reaction?