खेत-मकानों में लहसुन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार नामली पुलिस ने 8 कट्टे लहसुन और ईको वाहन समेत 4.15 लाख रुपये का माल किया जब्त
रतलाम।
जिले में सुनसान खेत-मकानों को निशाना बनाकर लहसुन चोरी करने वाले गिरोह का नामली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 8 कट्टे लहसुन और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की ईको वाहन बरामद की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 4 लाख 15 हजार 400 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पलदुना निवासी प्रहलाद धाकड़ ने 26 जुलाई 2026 को नामली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि उसके नए मकान में कृषि उपज रखी हुई थी और मकान पर ताला लगा था। सुबह पहुंचने पर ताला टूटा मिला और अंदर रखी करीब छह-सात कट्टे लहसुन गायब थी।
शिकायत के बाद नामली पुलिस ने अपराध क्रमांक 323/27.07.2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान घटना के समय संदिग्ध रूप से दिखाई दिए ईको वाहन की गतिविधियों और रूट की जानकारी जुटाई गई। तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर पुलिस आरोपी मोहम्मद हुसैन पिता सलीम कुरेशी निवासी बड़ावदा तक पहुंची।
पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मामले में शामिल राजू पिता कन्हैयालाल दमामी निवासी ग्राम बनवाड़ा और सरवन पिता तेजू नायक बाछड़ा निवासी ग्राम बनवाड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया।
लहसुन और ईको वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 8 कट्टे लहसुन, कीमत करीब 15,400 रुपये, और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की ईको वाहन, कीमत करीब 4 लाख रुपये जब्त की है। कुल जब्त मशरूका की कीमत 4,15,400 रुपये है। पुलिस अब आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
एक आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में आरोपी मोहम्मद हुसैन का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक मंदसौर जिले के भावगढ़ थाने के एक मामले में उसे आबकारी अधिनियम और चोरी से संबंधित धाराओं में न्यायालय द्वारा सजा सुनाई जा चुकी है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
मोहम्मद हुसैन पिता सलीम कुरेशी, उम्र 40 वर्ष, निवासी बड़ावदा
राजू पिता कन्हैयालाल दमामी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बनवाड़ा
सरवन पिता तेजू नायक बाछड़ा, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम बनवाड़ा
इस कार्रवाई में नामली थाना प्रभारी कार्यवाहक निरीक्षक अमित कोरी के साथ प्रधान आरक्षक दिलीप रावत, सुरेश चौहान, गोपाल खराड़ी, आरक्षक माखनसिंह और आरक्षक कुनाल रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतलाम पुलिस के अनुसार, संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण और चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।
What's Your Reaction?