जावरा में 67.58 ग्राम MD ड्रग्स के साथ तीन युवक गिरफ्तार, कार भी जब्त
रतलाम/जावरा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जावरा शहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 67.58 ग्राम MD ड्रग्स, जिसकी कीमत करीब 6.70 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की है। इसके साथ ही करीब 7 लाख रुपये कीमत की रेनाल्ट काइगर कार भी जब्त की गई। जब्त माल की कुल कीमत करीब 13.70 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान और थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर 17 सितंबर 2026 को बेगमपुरा ईदगाह रोड, ईदगाह के सामने जावरा में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 67.58 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक काले रंग की रेनाल्ट काइगर कार क्रमांक MP 09 AM 6202 भी जब्त की।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने मामले में लक्की मंडलोई (23), निवासी गांधीनगर मनावर, जिला धार, अरबाज (23), निवासी ग्राम खड़कवानी, तहसील कसरावद, जिला खरगोन और दानिश गौरी (32), निवासी अंबेडकर चौराहा, इंदौर रोड मनावर, जिला धार को गिरफ्तार किया है।
वहीं पुलिस ने वसीम चौकड़ी, निवासी रतलामी गेट जावरा को फरार आरोपी बताया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज
जावरा शहर थाने में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 345/2026, धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर उनसे मादक पदार्थ की सप्लाई और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
13.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों से एक प्लास्टिक थैली में रखा 67.58 ग्राम MD ड्रग्स, जिसकी कीमत करीब 6.70 लाख रुपये है, तथा रेनाल्ट काइगर कार, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये है, जब्त की है। दोनों की कुल कीमत करीब 13.70 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई, उपनिरीक्षक राकेश मेहरा, सहायक उपनिरीक्षक सगीर खान सहित जावरा शहर थाना पुलिस की टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?