ओवैसी के भोपाल कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने की मांग, मुस्लिम त्योहार कमेटी ने जताई आपत्ति
-कार्यक्रम से धार्मिक भावनाएं आहत होने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका, गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखने की अपील
भोपाल।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के 15 सितंबर को भोपाल में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विवाद शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने की मांग की है।
कमेटी का कहना है कि भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। कमेटी के पदाधिकारियों ने आशंका जताई कि ओवैसी के पूर्व में दिए गए कुछ बयानों को लेकर धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और इससे शहर का माहौल प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
सेंट्रल लाइब्रेरी में कार्यक्रम को लेकर आपत्ति
मुस्लिम त्योहार कमेटी के मुताबिक ओवैसी का कार्यक्रम जिस सेंट्रल लाइब्रेरी में प्रस्तावित है, वहां गणेश उत्सव के दौरान भी कई कार्यक्रम आयोजित होते हैं। ऐसे में कमेटी ने आयोजन स्थल और कार्यक्रम की अनुमति को लेकर प्रशासन से गंभीरता से विचार करने की मांग की है।
टी राजा के कार्यक्रम का दिया उदाहरण
कमेटी ने अपने विरोध के समर्थन में भाजपा विधायक टी. राजा सिंह के कार्यक्रम का भी उदाहरण दिया। कमेटी का कहना है कि टी. राजा सिंह के कार्यक्रम को कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के चलते अनुमति नहीं दी गई थी। ऐसे में यदि उस कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिली थी, तो असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम को भी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
मुस्लिम त्योहार कमेटी ने प्रशासन से भोपाल में शांति और सामाजिक सद्भाव कायम रखने के लिए 15 सितंबर को होने वाले ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने की मांग की है।
What's Your Reaction?