बीना में ज्वेलरी दुकान चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 400 ग्राम चांदी के जेवर बरामद

Aug 12, 2026 - 14:53
 0  15
बीना में ज्वेलरी दुकान चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 400 ग्राम चांदी के जेवर बरामद

बीना। कटरा वार्ड स्थित सोने-चांदी की दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद पांच-पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से करीब 400 ग्राम चांदी जैसे धातु के जेवरात बरामद किए हैं।

24-25 जून की दरम्यानी रात हुई थी चोरी

बीना थाना प्रभारी अनूप यादव के अनुसार, कटरा वार्ड निवासी अनिल कुमार सोनी ने 25 जून को दुकान में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 24 और 25 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोर दुकान से चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान रोहित उर्फ मुन्ना निवासी बैरसिया, भोपाल की भूमिका सामने आई।

पुलिस के मुताबिक रोहित सीहोर कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के दो मामलों में सीहोर जेल में बंद था। न्यायालय की अनुमति के बाद पुलिस ने जेल पहुंचकर उससे पूछताछ की।

साथी के साथ मिलकर चोरी की बनाई थी योजना

पुलिस पूछताछ में रोहित ने अपने साथी दीपक उर्फ बच्चा लोधी के साथ बीना में चोरी करने की बात बताई। दीपक राजगढ़ जिले के तरेन थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक मामले में सारंगपुर जेल में बंद था।

इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पांच-पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।

रिमांड में 400 ग्राम जेवर बरामद

पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान दीपक के कब्जे से करीब 400 ग्राम चांदी जैसे धातु के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ अलग-अलग जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और बरामद सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow