भोपाल में सुबह से तेज बारिश, 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
भोपाल।
मध्य प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने के चलते प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी भोपाल में सोमवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
VIP रोड पर पेड़ गिरने से लगा लंबा जाम
भोपाल के VIP रोड पर बारिश के बीच पेड़ गिरने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। पेड़ सड़क पर गिरने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई और वाहन काफी धीमी गति से चलते नजर आए। मौके पर जाम की स्थिति बनने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजगढ़, विदिशा समेत 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मानसून ट्रफ और लो-प्रेशर सिस्टम सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की स्थिति बनी हुई है। राजगढ़, विदिशा, सीहोर, हरदा और देवास में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर करीब 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा जबलपुर, नर्मदापुरम और सागर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, रीवा और शहडोल सहित प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तेज से हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मंडला-डिंडौरी में नर्मदा का जलस्तर बढ़ा
लगातार बारिश के चलते मंडला और डिंडौरी में नर्मदा नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क संपर्क प्रभावित होने की खबर है। डिंडौरी में कुछ पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
जोहिला डैम के 5 गेट खोलकर छोड़ा पानी
बारिश के चलते संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम के 5 गेट खोलकर पानी छोड़ा गया है। जानकारी के अनुसार गेट करीब 11 मीटर तक खोले गए हैं। इसके बाद आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन की निगरानी बढ़ाई गई है।
कई रास्ते जलमग्न, प्रशासन अलर्ट
भारी बारिश के कारण पठारी-छपारा मार्ग और मंडला का छोटा रपटा जलमग्न हो गया है। कई जगह पानी पुल और रास्तों के ऊपर से बह रहा है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और नदी, नाले तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
मध्य प्रदेश में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है। भारी बारिश वाले जिलों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।
What's Your Reaction?