आखिरी मुलाकात' बनी मौत का कारण, प्रेमी ने बिजली के तार से गला घोंटकर की विधवा की हत्या, गहने लेकर फरार
हरदा।
मध्य प्रदेश के हरदा जिले के टिमरनी इलाके में एक विधवा महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि महिला की हत्या उसके प्रेमी ने ही की। हत्या की वजह महिला का भोपाल जाना बताई जा रही है, जिसे लेकर आरोपी गुस्से में आ गया था।
24 अगस्त को सामने आया था मामला
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त को टिमरनी में विधवा पुष्पा गौर (57) की हत्या का मामला सामने आया था। पुलिस ने तफ्तीश शुरू करते हुए आरोपी प्रेमी मधुसूदन गौर (60) को सोमवार को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
बिजली के तार से गला घोंटा, गहने लेकर फरार हो गया
एसपी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि पुष्पा गौर के पति और इकलौते बेटे की मौत के बाद वह अकेली रह रही थीं। इसी दौरान उनका मधुसूदन से संपर्क बढ़ा और दोनों में संबंध बन गए। मधुसूदन का उनके घर आना-जाना था। 24 अगस्त को आरोपी पुष्पा से मिलने उसके घर पहुंचा। बातचीत के दौरान पुष्पा ने बताया कि उसके भाई उसे भोपाल में किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने की तैयारी कर रहे हैं और वह जल्द भोपाल चली जाएगी। पुष्पा ने मधुसूदन से कहा कि यह उनकी आखिरी मुलाकात है।
यह सुनकर आरोपी आवेश में आ गया। गुस्से में उसने घर के दरवाजे पर बंधे बिजली के तार से पुष्पा का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मौके से फरार होने से पहले पुष्पा के कान और गले के गहने निकाल लिए और उन्हें अपने साथ ले गया।
CCTV फुटेज और जूतों के निशान बने सबूत
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ पुलिस ने आसपास लगे 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इस दौरान घटनास्थल पर मिले जूतों के निशान भी जांच में बेहद अहम साबित हुए। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी मधुसूदन तक पहुंची। पूछताछ में उसने हत्या करना कबूल कर लिया।
पत्नी से विवाद के बाद अकेला रह रहा था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब डेढ़ साल पहले मधुसूदन की पत्नी और पुष्पा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद मधुसूदन की पत्नी अपनी दोनों बेटियों के साथ अलग रहने लगी थी और वह अकेला रह रहा था। आरोपी पहले टिमरनी की एक टॉकीज में काम करता था और बाद में वह कॉपरेटिव सोसाइटी में भी कार्यरत रहा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?