भोपाल क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: गांजा और डोडाचूरा के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

Aug 28, 2026 - 22:50
 0  27
भोपाल क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: गांजा और डोडाचूरा के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार
भोपाल क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: गांजा और डोडाचूरा के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

14.337 किलो गांजा और 4.300 किलो डोडाचूरा बरामद, 6 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त; तस्करी के नेटवर्क की तलाश जारी

भोपाल। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच भोपाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 14.337 किलोग्राम गांजा और 4.300 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ और अन्य सामग्री की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये से अधिक है।

पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अशोक मरावी की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

LIG पुलिया के पास दो तस्कर दबोचे

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नारियलखेड़ा स्थित LIG पुलिया के पास दो युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर राहुल सिलावट और राहुल अहिरवार, दोनों निवासी औबेदुल्लागंज, रायसेन, को गिरफ्तार किया।

तलाशी में राहुल सिलावट के कब्जे से 3.460 किलो और राहुल अहिरवार के पास से 4.250 किलो गांजा बरामद हुआ। दोनों के कब्जे से कुल 7.710 किलो गांजा जब्त किया गया। मामले में थाना गौतम नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

भानपुर पुलिया से गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार

एक अन्य कार्रवाई में पीपुल्स अस्पताल के पास भानपुर पुलिया के समीप गांजा बेचने की फिराक में खड़े सीताराम कुशवाह, निवासी अटल अय्यूब नगर, भोपाल, को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके पास से 1 किलो 167 ग्राम गांजा और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

बैरागढ़ में डोडाचूरा पकड़ा

क्राइम ब्रांच ने बैरागढ़ के CTO रोड स्थित अमरेश कंस्ट्रक्शन के सामने भी कार्रवाई की। यहां हरेन्द्र प्रकाश उर्फ संदीप, निवासी जोधपुर राजस्थान, को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3 किलो 400 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद भी जब्त किए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

6 आरोपियों पर कार्रवाई, नेटवर्क की जांच जारी

क्राइम ब्रांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राहुल सिलावट, राहुल अहिरवार, रंजीत अहिरवार, प्रदीप अहिरवार, सीताराम कुशवाह और हरेन्द्र प्रकाश उर्फ संदीप शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले मुख्य स्रोत, तस्करी नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।

पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में मादक पदार्थों के मामलों में 15 महिलाओं सहित 85 तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का "नशे से दूरी" अभियान लगातार जारी है।

पुलिस की अपील

भोपाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से संबंधित जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

क्राइम ब्रांच हेल्पलाइन: 7049100785

नशामुक्ति हेल्पलाइन: 14446

मानस हेल्पलाइन: 1933

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow