फर्जी IPS अधिकारी बनकर 7 लाख की ठगी, आयकर विभाग में नौकरी लगाने का झांसा; एमपी नगर पुलिस ने किया गिरफ्तार
भोपाल।
शहर में एक ऐसे जालसाज का पर्दाफाश हुआ है, जो खुद को IPS अधिकारी बताकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करता था। आरोपी ने आयकर विभाग (Income Tax Department) में नौकरी लगाने का झांसा देकर एक युवक से 7 लाख रुपये वसूल लिए। मामले में एमपी नगर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, भोपाल निवासी देवांश प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और नौकरी की तलाश में था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एमपी नगर स्थित मीरा कॉम्प्लेक्स में रहने वाले ऋषि कुमार यादव से हुई। ऋषि ने देवांश को बताया कि वह खुद IPS अधिकारी है और आयकर विभाग की खुफिया टीम (Intelligence Team) में प्रतिनियुक्ति (On Deputation) पर अधिकारी के तौर पर पदस्थ है।
आरोपी ने देवांश को आयकर विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और इसके बदले 7 लाख रुपये की मांग की। नौकरी की उम्मीद में देवांश ने अलग-अलग किश्तों में आरोपी को पूरे 7 लाख रुपये दे दिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी, तो देवांश ने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी टालमटोल करने लगा।
धोखाधड़ी का खुलासा
इसी दौरान देवांश को पता चला कि ऋषि ने उसी तरह का झांसा देकर कई अन्य लोगों से भी लाखों रुपये ठगे हैं। धोखा महसूस होने पर पीड़ित एमपी नगर थाने पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
प्लेट से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी की पहचान और हुलिए के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया। लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम ने एमपी नगर स्थित मीरा कॉम्प्लेक्स के प्लेट पर दबिश दी और ऋषि कुमार यादव (38) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से शक्ति नगर, भेल, झांसी का रहने वाला है।
पुलिस की जांच जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और उससे कुल कितनी रकम हड़पी है। पुलिस उन फर्जी दस्तावेजों और पहचान की भी जांच कर रही है, जिनका इस्तेमाल आरोपी ने खुद को IPS अधिकारी बताने के लिए किया था।
What's Your Reaction?