अवैध हथियारों के नेटवर्क पर MP पुलिस का बड़ा प्रहार, 5 दिन में 31 हथियार जब्त; 10 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल। मध्यप्रदेश में अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी, खरीदी-बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पिछले पांच दिनों में बुरहानपुर, खरगोन, सागर और इंदौर में की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 31 अवैध हथियार जब्त किए गए हैं। इन मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने हथियारों के साथ जिंदा कारतूस, मैगजीन, हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त किया है। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।
बुरहानपुर में 13 हस्तनिर्मित पिस्टल और 45 कारतूस बरामद
बुरहानपुर के खकनार थाना पुलिस को 9 अगस्त को सूचना मिली थी कि साईबाबा स्कूल के पीछे जंगल में एक व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
तलाशी में उसके पास से 13 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल, एक खाली मैगजीन और 45 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4.72 लाख रुपये बताई गई है।
खरगोन में स्कॉर्पियो से मिलीं 10 पिस्टल
खरगोन के बिस्टान थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को काले रंग की बिना नंबर वाली स्कॉर्पियो में हथियार ले जाने की सूचना मिली थी।
घेराबंदी कर वाहन की तलाशी लेने पर सीट के नीचे रखी थैली से 10 अवैध देशी पिस्टल बरामद हुईं। पुलिस ने पिस्टलों और स्कॉर्पियो समेत करीब 17.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। प्रारंभिक पूछताछ में हथियार सिगनूर क्षेत्र के एक व्यक्ति से खरीदने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब सप्लायर की भूमिका की जांच कर रही है।
इंदौर में चार आरोपी गिरफ्तार
इंदौर के राऊ थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार पिस्टल, एक रिवॉल्वर और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जब्त हथियारों की कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई गई है।
सागर में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का खुलासा
सागर के कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई से जुड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक देशी रिवॉल्वर, एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्री और औजार भी जब्त किए हैं। इनमें ड्रिल मशीन, पेचकस, पाना, हथौड़ा, लोहे की रॉड, पाइप, स्प्रिंग, कटी हुई नाल, स्क्रू, लकड़ी के गुटके, स्प्रिंग लॉक, कैंची, रापी और लोहे की पत्तियां शामिल हैं।
निर्माण से लेकर सप्लाई नेटवर्क तक पुलिस की नजर
मध्यप्रदेश पुलिस के मुताबिक कार्रवाई का फोकस केवल अवैध हथियार रखने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि हथियारों के निर्माण, सप्लाई, खरीदी-बिक्री और परिवहन की पूरी श्रृंखला को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।
पिछले पांच दिनों में हुई कार्रवाइयों में 31 अवैध हथियारों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ हथियार निर्माण सामग्री तथा तस्करी में इस्तेमाल वाहनों की जब्ती पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब इन मामलों में जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की सप्लाई के स्रोतों की भी जांच कर रही है।
What's Your Reaction?