नाबालिग को ब्लैकमेल कर चोरी कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 54.37 लाख की संपत्ति जब्त

Aug 29, 2026 - 19:34
 0  24
नाबालिग को ब्लैकमेल कर चोरी कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 54.37 लाख की संपत्ति जब्त
नाबालिग को ब्लैकमेल कर चोरी कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 54.37 लाख की संपत्ति जब्त

बीना पुलिस की कार्रवाई, करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण समेत कार, बाइक, मोबाइल और घरेलू सामान बरामद

सागर/बीना। सागर जिले की बीना पुलिस ने नाबालिग को ब्लैकमेल कर जान से मारने की धमकी देकर चोरी की वारदात कराने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण सहित लगभग 54 लाख 37 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। बरामद सामान में कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घरेलू सामान शामिल हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया के नेतृत्व में थाना बीना पुलिस टीम ने की।

पुराने पैतृक मकान से हुई थी चोरी

पुलिस के मुताबिक फरियादी का परिवार नए मकान में रहने लगा था, जबकि पुराने पैतृक मकान में नगदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। 17 जून को सामान की जांच करने पर नगदी और कीमती सामान गायब मिला। शिकायत पर बीना थाने में चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ संदिग्धों की तस्दीक तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।

धमकी देकर नाबालिग से कराई चोरी

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी फरियादी परिवार के एक नाबालिग को ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी द्वारा नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया गया और इसी दबाव में उससे चोरी की वारदात कराई गई।

पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने फरियादी परिवार से करीब 13 लाख रुपये नगद और लगभग 40 तोला सोने के आभूषण हासिल करने की बात स्वीकार की।

मामा के पास रखे थे सोने के आभूषण

पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी की नगदी से विभिन्न सामान और वाहन खरीदे, जबकि सोने के आभूषण अपने मामा को दे दिए थे। पुलिस ने आरोपी के मामा को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने का हार, चेन, ब्रेसलेट, अंगूठियां, पेंडल, गिन्नी, कड़े और मंगलसूत्र सहित करीब 38 लाख रुपये कीमत के आभूषण बरामद किए।

चोरी की रकम से खरीदे वाहन और सामान बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदी गई हुंडई कार, मारुति सुजुकी अर्टिगा, रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल, आईफोन सहित अन्य मोबाइल फोन, एसी, एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स, बेड, लोहे का गेट और अन्य घरेलू सामान भी बरामद किया है। मामले में आरोपियों के एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अब चोरी की शेष राशि और अन्य संपत्ति के संबंध में जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित विवेचना के जरिए मामले का खुलासा किया गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow