ईद मिलादुन्नबी का विशाल चल समारोह, पर्यावरण संरक्षण और मोबाइल से दूरी का दिया संदेश
निसरपुर/कुक्षी। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर रविवार को दाऊदी बोहरा समाज की ओर से नगर में विशाल चल समारोह निकाला गया। धर्मगुरु सैय्यदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब के आदेशानुसार आयोजित इस समारोह में धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और बच्चों को मोबाइल की बढ़ती लत से दूर रखने का सामाजिक संदेश भी दिया गया।
पौधरोपण के लिए किया जागरूक
चल समारोह की शुरुआत मंगलवारिया से हुई। सबसे आगे मदरसा सैफिया के बच्चे पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश लेकर चल रहे थे। बच्चों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति संरक्षण के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए पर्यावरण की शुद्धता बनाए रखने की अपील भी की।
बच्चों को मोबाइल से दूर रखने का संदेश
समारोह में 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रखने का संदेश विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। समाज की ओर से बच्चों के बीच मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
देशभक्ति गीतों ने बढ़ाया उत्साह
मरजान स्काउट बैंड की सुमधुर धुनें चल समारोह का प्रमुख आकर्षण रहीं। बैंड ने मिलाद के अवसर पर मदह के साथ देशभक्ति गीतों की धुनें प्रस्तुत कीं। वहीं मदरसा सैफिया के बच्चे “मिलादुन्नबी मुबारक”, “नारा-ए-तकबीर—अल्लाहु अकबर” और “हिंदुस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
प्रमुख मार्गों से निकला जुलूस
जनाब शेख मुर्तजा भाई साहब नाखुदा की सदारत में निकला चल समारोह मंगलवारिया से शुरू होकर पड़ाव, चौपाटी, बड़पुरा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बोहरा मोहल्ला स्थित मस्जिद कॉम्प्लेक्स पहुंचा।
इस दौरान जनाब इब्ने मदयन भाई, मदरसा सैफिया के हेड मोअल्लिम शेख फखरुद्दीन भाई बारामती, दाऊदी बोहरा जमात के सेक्रेटरी शेख शब्बर भाई जिनवाला, बुरहानी गार्ड्स के मेजर हुसैन भाई टांडा वाला सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
प्रशासन और पुलिस का जताया आभार
मस्जिद कॉम्प्लेक्स पहुंचने पर आमिल साहब शेख मुर्तजा भाई नाखुदा ने प्रशासनिक अधिकारियों, कुक्षी के नगर सेवकों और पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए सहयोग की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही चल समारोह का समापन हुआ।
कार्यक्रम में सबाब कमेटी, टी.के.एम., बुरहानी गार्ड्स और नजाफत कमेटी के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। जुलूस का संचालन बुरहानी गार्ड्स के हेड मुस्तफा भाई मंडीवाला ने किया।
What's Your Reaction?