भाजपा ने बदले मध्य प्रदेश के प्रदेश प्रभारी, विप्लब कुमार देब को मिली मप्र की जिम्मेदारी

Sep 23, 2026 - 22:32
 0  6
भाजपा ने बदले मध्य प्रदेश के प्रदेश प्रभारी, विप्लब कुमार देब को मिली मप्र की जिम्मेदारी

रेखा वर्मा बनीं सह प्रभारी, डॉ. महेंद्र सिंह की जगह अब विप्लब देब संभालेंगे जिम्मेदारी

भोपाल।

 भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए मध्य प्रदेश के प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी की नई नियुक्तियां की हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार, 23 सितंबर को प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नई सूची जारी की। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। 

नई व्यवस्था के तहत त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विप्लब कुमार देब को मध्य प्रदेश का नया प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। वहीं रेखा वर्मा को मध्य प्रदेश का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। अब तक यह जिम्मेदारी डॉ. महेंद्र सिंह संभाल रहे थे। 

महेंद्र सिंह की जगह विप्लब देब

डॉ. महेंद्र सिंह मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी के तौर पर संगठन की बैठकों और पार्टी कार्यक्रमों में सक्रिय रहे हैं। 15 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास पर हुई भाजपा की बैठक में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ महेंद्र सिंह मौजूद थे। 

अब पार्टी ने मध्य प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी विप्लब कुमार देब को सौंपी है। देब त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं और अगस्त 2026 में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए थे। 

मध्य प्रदेश के चार नेताओं को दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी

भाजपा की नई सूची में मध्य प्रदेश के कुछ नेताओं को भी अन्य राज्यों की संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं।

अरविंद भदौरिया को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है।

कविता पाटीदार को राजस्थान की सह प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है।

लाल सिंह आर्य को पश्चिम बंगाल का सह प्रभारी बनाया गया है।

गजेंद्र पटेल को झारखंड का प्रभारी नियुक्त किया गया है। 

भाजपा ने देश के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी व सह प्रभारियों की नई टीम घोषित की है। पार्टी के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow