12वें खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के प्रचार-प्रसार के लिए भोपाल में इन्फ्लुएंसर एवं आर्टिस्ट मीट आयोजित
भोपाल।
दिसंबर माह में आयोजित होने जा रहे 12वें खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (KIFF) टीम द्वारा भोपाल में इन्फ्लुएंसर एवं आर्टिस्ट मीट का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता KIFF के सीईओ विवेक सरन ने की।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश फिल्म प्रभारी सुनील सोन्हिया ने जानकारी देते हुए बताया कि फेस्टिवल के आयोजक एवं संस्थापक राजा बुंदेला इस वर्ष आयोजन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी उद्देश्य से फेस्टिवल के प्रचार-प्रसार की रणनीति पर अभी से कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, फिल्म कलाकारों एवं कला जगत से जुड़े रचनात्मक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा रहा है।
बैठक को संबोधित करते हुए KIFF के सीईओ विवेक सरन ने कहा कि खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल केवल फिल्मों की स्क्रीनिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की विभिन्न लोक संस्कृतियों, कला एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। फेस्टिवल में सिनेमा से जुड़े विद्यार्थियों के लिए वर्कशॉप एवं सेमिनार भी आयोजित किए जाते हैं, जिससे उन्हें फिल्म निर्माण और सिनेमा की बारीकियां सीखने का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष फेस्टिवल में चित्रकारों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जो अपनी चित्रकला एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले बेस्ट इन्फ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया जाएगा।
इस मीटिंग में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों, चित्रकारों एवं विभिन्न विधाओं के रचनात्मक प्रतिभागियों ने सहभागिता की। बैठक में सभी ने 12वें खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल को सफल बनाने और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
What's Your Reaction?