अवैध रेत से लड़े 5 डंफरों पर जैतपुर पुलिस की कार्यवाही
कुनुक नदी से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही थी
शहडोल । जैतपुर में रेत के अवैध कारोबार पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि रेत से लदे पांच मिनी ट्रक मौके पर ही छोड़ चालक भाग गए। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया है। जब्त वाहनों और रेत समेत कुल मशरूका की कीमत 80 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद अवैध रेत के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
कार्रवाई जैतपुर थाना क्षेत्र के बदौड़ी मेन रोड पर की गई। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि खैरहानी गांव के पास कुनुक नदी से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है और मिनी ट्रकों के जरिए उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने बदौड़ी मेन रोड पर नाकेबंदी कर दी। इसी दौरान रेत लेकर पांच मिनी ट्रक वहां पहुंचे। पुलिस की घेराबंदी देखकर चालकों ने वाहन रोकने के बजाय मौके से भागने की कोशिश की। सभी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस टीम ने उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे और रास्तों का फायदा उठाकर चालक हाथ नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने पांचों मिनी ट्रकों को जब्त कर लिया।
पुलिस ने अज्ञात चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब वाहनों के दस्तावेजों के आधार पर उनके मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि जांच में वाहन मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी
What's Your Reaction?