प्रेमी की पत्नी बनी रास्ते का कांटा, प्रेमिका ने रची हत्या की साजिश; 24 घंटे में रातीबड़ पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

Aug 28, 2026 - 23:02
 0  44
प्रेमी की पत्नी बनी रास्ते का कांटा, प्रेमिका ने रची हत्या की साजिश; 24 घंटे में रातीबड़ पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

पुराने आशिक के साथ मिलकर प्रेमिका ने दिया वारदात को अंजाम, गला दबाकर हत्या के बाद खंडहर में छिपाया शव

भोपाल। रातीबड़ थाना पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को महज 24 घंटे में सुलझाते हुए दो आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेमी की पत्नी का उसके साथ रहना प्रेमिका को पसंद नहीं था। इसी के चलते उसने अपने पुराने आशिक के साथ मिलकर महिला की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को ग्राम गोरागांव निवासी मोनू रैकवार ने अपनी पत्नी राखी रैकवार के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना दी थी। उसने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्नी का अपहरण किए जाने की आशंका जताई। इस पर पुलिस ने गुमइंसान कायम कर धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घर के पास मिला महिला का शव

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मोनू के घर के पास एक अज्ञात महिला का शव मिला है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान राखी रैकवार के रूप में की गई। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लगा। वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल जानकारी देकर जांच के लिए चार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पति के घर से निकलते ही प्रेमिका ने बुलाया पुराना आशिक

जांच में सामने आया कि मृतका राखी रैकवार और शशि रैकवार एक ही व्यक्ति मोनू रैकवार से जुड़े रिश्ते में थीं और दोनों ग्राम गोरागांव में रह रही थीं। पुलिस के अनुसार, शशि को मोनू की पत्नी राखी का उसके साथ रहना पसंद नहीं था। इसके बाद उसने अपने पुराने आशिक नरेन्द्र रैकवार के साथ मिलकर राखी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त को मोनू के काम पर जाने के बाद शशि ने नरेन्द्र को अपने घर बुलाया। आरोप है कि शशि ने राखी का मुंह दबाया, जबकि नरेन्द्र ने उसका गला दबाकर दुपट्टे से गले पर गांठ कस दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद खंडहर में छिपाया शव

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने राखी के शव को पास ही स्थित एक खंडहरनुमा मकान में चादर से ढककर छिपा दिया। इसके बाद नरेन्द्र वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। इसके बाद पुलिस ने आरोपी शशि रैकवार को उसके निवास से और नरेन्द्र रैकवार को इटारसी से पुलिस अभिरक्षा में लिया।

दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

नरेन्द्र रैकवार, पिता भागीरथ रैकवार, उम्र 27 वर्ष, निवासी शीतल माता मंदिर के पीछे, इटारसी, नर्मदापुरम को आरोपी बनाया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में भी प्रकरण दर्ज हैं।

दूसरी आरोपी शशि रैकवार, पिता इन्द्रजीत रैकवार, उम्र 23 वर्ष, निवासी गोरागांव, थाना रातीबड़, भोपाल है।

दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

शहर में गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान ने निर्देश दिए थे। इनके निर्देशन में पुलिस उपायुक्त जोन-01 अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रश्मि अग्रवाल दुबे और सहायक पुलिस आयुक्त टीटी नगर अंकिता खातरकर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रातीबड़ रास बिहारी शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना की।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी रातीबड़ रासबिहारी शर्मा, उपनिरीक्षक सृष्टि गुप्ता, प्रधान आरक्षक मनीष त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक मुकेश भारती, आरक्षक नितेश सहित टीम-01 की भूमिका रही।

टीम-02 में उपनिरीक्षक गौरव पाण्डेय, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र आनंद, आरक्षक विनोद और आरक्षक कपिल शामिल रहे। टीम-03 में उपनिरीक्षक रमेश सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक, आरक्षक अभिषेक और महिला आरक्षक उपासना ने भूमिका निभाई।

टीम-04 में उपनिरीक्षक गब्बर सिंह, प्रधान आरक्षक कमलेश वर्मा, आरक्षक रामवरन और आरक्षक सचेन्द्र राजपूत शामिल रहे। तकनीकी टीम के प्रधान आरक्षक पुष्पेन्द्र भदौरिया और आरक्षक अरविंद जादौन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow