रक्षाबंधन पर उमा भारती ने रामराजा सरकार को बांधी राखी, बोलीं- ओरछाधीश मेरे बड़े भाई

Aug 29, 2026 - 10:19
 0  16
रक्षाबंधन पर उमा भारती ने रामराजा सरकार को बांधी राखी, बोलीं- ओरछाधीश मेरे बड़े भाई

ओरछा पहुंचकर पूरे विधि-विधान से किया पूजन, रामराजा सरकार की ओर से मिला 51 रुपये का नेग; पाताली हनुमान जी को भी अर्पित किया रक्षासूत्र

ओरछा। पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने धार्मिक नगरी ओरछा पहुंचकर भगवान रामराजा सरकार के चरणों में रक्षासूत्र अर्पित किया। श्रावण पूर्णिमा की रात रामराजा मंदिर पहुंचीं उमा भारती ने भगवान राम को अपना बड़ा भाई मानते हुए पूरे विधि-विधान के साथ उन्हें राखी बांधी।

रामराजा मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मंदिर के प्रधान पुजारी रमाकांत शरण महाराज ने रामराजा सरकार की ओर से उमा भारती को उपहार स्वरूप मिठाई और 51 रुपये का पारंपरिक नेग भेंट किया।

पाताली हनुमान जी को भी बांधी राखी

रामराजा सरकार के दर्शन के बाद उमा भारती ओरछा के प्रसिद्ध पाताली हनुमान मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी की प्रतिमा को भी पवित्र रक्षासूत्र बांधा। मंदिर के पुजारी रमाकांत रावत ने हनुमान जी की ओर से उमा भारती को दक्षिणा और प्रसाद भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया।

रामराजा सरकार को मानती हैं अपना बड़ा भाई

उमा भारती का ओरछा के रामराजा सरकार से लंबे समय से धार्मिक और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। वह भगवान रामराजा सरकार को अपना साक्षात बड़ा भाई मानती हैं और प्रमुख धार्मिक अवसरों पर ओरछा पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट करती रही हैं।

इससे पहले विवाह पंचमी के महापर्व पर भी उमा भारती ने रामराजा मंदिर के मुख्य द्वार पर राम बारात और पालकी को रोककर पारंपरिक बहन के रूप में ‘द्वार रुकाई’ का नेग लिया था। बुंदेलखंड की लोक परंपरा से जुड़ी यह रस्म श्रद्धा और भाई-बहन के अनूठे रिश्ते का प्रतीक मानी जाती है।

रक्षाबंधन के अवसर पर उमा भारती द्वारा रामराजा सरकार और पाताली हनुमान जी को राखी बांधने का यह दृश्य एक बार फिर ओरछा की धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सामने लाया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow