नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार मुकेश सिंह हटाए गए, छात्रों का धरना जारी
भोपाल। मध्य प्रदेश नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार मुकेश सिंह को पद से हटा दिया गया है। डिप्टी सीएम एवं लोक स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के निर्देश के बाद यह कार्रवाई की गई। नर्सिंग परीक्षाओं में गड़बड़ी और रिजल्ट में देरी को कार्रवाई की वजह बताया जा रहा है।
इधर, नर्सिंग काउंसिल कार्यालय के बाहर छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। नर्सिंग छात्रों के संगठन NSO के सदस्य 8 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। छात्र विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
GNM और B.Sc. नर्सिंग के रिजल्ट जारी करने की मांग
छात्रों की प्रमुख मांग है कि सभी GNM विद्यार्थियों के लंबित परीक्षा परिणाम जल्द घोषित किए जाएं और आगामी परीक्षाएं आयोजित कराई जाएं। इसके साथ ही B.Sc. नर्सिंग छात्रों के रिजल्ट जारी करने और उनकी परीक्षाएं कराने की मांग भी की जा रही है।
छात्रवृत्ति और यूनिवर्सिटी से संबद्धता की मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने SC, ST और OBC वर्ग के विद्यार्थियों के साथ पैरामेडिकल छात्रों को छात्रवृत्ति देने की मांग की है। वहीं EWS और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भी छात्रवृत्ति की व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई गई है।
छात्र नर्सिंग और पैरामेडिकल संस्थानों को जबलपुर स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी से जोड़ने तथा फैकल्टी मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की भी मांग कर रहे हैं।
परीक्षा और रिजल्ट में देरी से छात्र परेशान
छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और परिणाम जारी करने में देरी के कारण विद्यार्थियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे उनका शैक्षणिक सत्र और आगे की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
छात्र संगठनों ने मांगों का जल्द निराकरण कर लंबित परिणाम जारी करने और आगामी परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित करने की मांग की है।
What's Your Reaction?