मध्यप्रदेश में जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, अगस्त में 1.10 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
भोपाल, 31 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश पुलिस ने जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अगस्त माह में व्यापक अभियान चलाते हुए प्रदेशभर में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की सूचना तंत्र और मैदानी कार्रवाई के जरिए जुआ फड़ों तथा सट्टा गतिविधियों पर शिकंजा कसा गया। कार्रवाई के दौरान 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य की नगदी और अन्य संपत्ति जब्त की गई।
जब्त संपत्ति में नकदी के अलावा मोबाइल फोन, वाहन, लैपटॉप, एटीएम कार्ड, वाई-फाई मॉडेम, सट्टा पर्चियां और अन्य उपकरण शामिल हैं।
छिंदवाड़ा में 15 जुआरी गिरफ्तार, करीब 60 लाख की संपत्ति जब्त
अमरवाड़ा पुलिस ने ग्राम बिछुआ के जंगल में जुआ खेल रहे 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 1 लाख 53 हजार रुपये नकद, 13 मोबाइल और 5 वाहन जब्त किए गए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
बालाघाट में अंतरराज्यीय जुआरियों पर कार्रवाई
नवेगांव पुलिस ने अंतरराज्यीय जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से 1 लाख 50 हजार रुपये नकद, 14 एंड्रॉयड मोबाइल और 3 चारपहिया वाहन जब्त किए। कुल जब्ती करीब 38 लाख रुपये की बताई गई है।
कई जिलों में जुआ-सट्टा फड़ों पर दबिश
नर्मदापुरम के कालिका नगर में कोतवाली पुलिस ने जुआ फड़ पर कार्रवाई कर 9 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया और करीब 2.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
विदिशा के गंजबासौदा देहात में सट्टे के खिलाफ कार्रवाई में 7 आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने 21 हजार रुपये नकद, मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल, सट्टा पर्ची और लीड पेन सहित करीब 2.11 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
उमरिया के ग्राम निमहा में जुआ फड़ पर दबिश देकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यहां से 5,330 रुपये नकद, 7 मोबाइल और 2 दोपहिया वाहन सहित करीब 1.62 लाख रुपये की संपत्ति जब्त हुई।
दतिया में जुआ और ऑनलाइन सट्टे पर कार्रवाई
दतिया के भाण्डेर थाना क्षेत्र में जुआ फड़ पर दबिश देकर 7 जुआरियों को गिरफ्तार कर 40,100 रुपये नकद जब्त किए गए। वहीं इंदरगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने के आरोप में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लैपटॉप, 6 मोबाइल और रजिस्टर बरामद किए गए।
उनाव पुलिस ने भी जुआ फड़ पर कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर 3,900 रुपये नकद सहित करीब 93,900 रुपये की संपत्ति जब्त की।
छतरपुर और झाबुआ में भी बड़ी कार्रवाई
छतरपुर कोतवाली पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कुंजरहटी मोहल्ले में जुआ फड़ पर दबिश देकर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 1 लाख 27 हजार रुपये नकद जब्त किए।
झाबुआ के पिटोल क्षेत्र में होटल में जुआ खेलते होटल संचालक सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 26,700 रुपये नकद, 5 मोबाइल और ताश की गड्डी सहित करीब 81,700 रुपये की संपत्ति जब्त की। एक अन्य कार्रवाई में 6 आरोपियों से 10,700 रुपये नकद, 3 मोबाइल और ताश के पत्ते जब्त किए गए।
खंडवा समेत कई जिलों में कार्रवाई
खंडवा के मान्धाता और शिवाजी नगर क्षेत्र में जुआ खेल रहे कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर 78,120 रुपये नकद जब्त किए गए।
इसके अलावा खरगोन के बड़वाह में 11 आरोपियों से 54,150 रुपये, इंदौर में 40,350 रुपये, ग्वालियर के मुरार में 11 जुआरियों से 52,700 रुपये, गुना में 10 जुआरियों से 19,600 रुपये, अशोकनगर में 15 जुआरियों से 37,800 रुपये, उज्जैन के बिरलाग्राम में 12 जुआरियों से 21,300 रुपये, बैतूल के सारनी में 10,610 रुपये, शिवपुरी में 3,500 रुपये और सिंगरौली के बैढ़न में 6,800 रुपये नकद जब्त किए गए।
अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने का अभियान जारी
मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य इन अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा इनके कारण होने वाली आर्थिक और सामाजिक क्षति को रोकना है।
What's Your Reaction?