आमला में 15 दुकानों की खुली नीलामी, 1.77 करोड़ की लगी बोली
दो सफल बोलीकर्ताओं ने 25 प्रतिशत राशि जमा नहीं की, दुकान नंबर 4 और 5 के आवंटन पर संशय
आमला। जनपद पंचायत आमला द्वारा कार्यालय के समीप निर्मित 15 दुकानों के आवंटन के लिए बुधवार को खुली नीलामी आयोजित की गई। ग्रामीण क्षेत्र के दुकानदारों, किसानों तथा बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई इन दुकानों के लिए पहले ही वर्गवार आरक्षण निर्धारित किया गया था।
जनपद पंचायत के सभाकक्ष में एसडीएम कामिनी ठाकुर की मौजूदगी में जनपद पंचायत की समिति के समक्ष नीलामी प्रक्रिया संपन्न हुई। नीलामी के दौरान सभी 15 दुकानों के लिए बोली लगी और कुल 1 करोड़ 77 लाख रुपये की बोली दर्ज की गई।
13 बोलीकर्ताओं ने जमा की 25 प्रतिशत राशि
नीलामी की शर्तों के अनुसार सफल बोलीकर्ता को बोली राशि की 25 प्रतिशत राशि तत्काल जमा करना अनिवार्य था। बताया गया कि 15 में से 13 सफल बोलीकर्ताओं ने निर्धारित राशि जमा कर दी, लेकिन देर शाम तक दो सफल बोलीकर्ताओं द्वारा राशि जमा नहीं किए जाने से दुकान नंबर 4 और 5 के आवंटन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
40 लाख रुपये की बोली लगाकर नदारद हुआ बोलीकर्ता
सबसे अधिक चर्चा दुकान नंबर 5 को लेकर रही। अनारक्षित श्रेणी की इस दुकान के लिए एक बोलीकर्ता ने 40 लाख रुपये की बोली लगाई। इसके बाद किसी अन्य बोलीकर्ता द्वारा अधिक बोली नहीं लगाए जाने पर उसे सफल बोलीकर्ता घोषित किया गया।
हालांकि, देर शाम तक संबंधित बोलीकर्ता द्वारा नियमानुसार बोली राशि का 25 प्रतिशत जमा नहीं कराया गया। इसके चलते अब दुकान के आवंटन को लेकर संशय की स्थिति बन गई है।
दुकान नंबर 4 की स्थिति भी असमंजस में
दुकान नंबर 4, जो अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित थी, के लिए भी 18 लाख रुपये से अधिक की बोली लगी थी। यहां भी सफल बोलीकर्ता द्वारा निर्धारित 25 प्रतिशत राशि जमा नहीं किए जाने की बात सामने आई है।
द्वितीय बोलीकर्ता को मिल सकता है मौका
नीलामी के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार यदि सफल बोलीकर्ता निर्धारित राशि जमा नहीं करता अथवा दुकान लेने से इनकार करता है, तो द्वितीय बोलीकर्ता की बोली को स्वीकार करने का विकल्प हो सकता है। ऐसे में दुकान नंबर 4 और 5 के लिए द्वितीय बोलीकर्ताओं में से चयन अथवा लॉटरी की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
फिलहाल दोनों दुकानों के आवंटन को लेकर जनपद पंचायत द्वारा अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
इनका कहना है
“दोनों दुकानों के विषय में अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है। जब भी निर्णय होगा, सभी को जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी।”
— कामिनी ठाकुर, एसडीएम आमला
What's Your Reaction?