मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कॉर्पियो से 465 किलो डोडाचूरा जब्त, ₹21.30 लाख की सामग्री बरामद, तस्कर फरार

Jul 25, 2026 - 23:18
 0  9
मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कॉर्पियो से 465 किलो डोडाचूरा जब्त, ₹21.30 लाख की सामग्री बरामद, तस्कर फरार
मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कॉर्पियो से 465 किलो डोडाचूरा जब्त, ₹21.30 लाख की सामग्री बरामद, तस्कर फरार

मंदसौर | 

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर जिले की थाना अफजलपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन से 465 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद करते हुए वाहन सहित करीब ₹21.30 लाख मूल्य की सामग्री जब्त की है। मामले में अज्ञात तस्करों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल के निर्देशन में थाना अफजलपुर पुलिस 24 जुलाई की रात नियमित गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन चालक तेज रफ्तार से भाग निकला, लेकिन कुछ दूरी पर अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें रखे 21 कट्टों में 465 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। जब्त डोडाचूरा की कीमत ₹9.30 लाख तथा स्कॉर्पियो की अनुमानित कीमत ₹12 लाख बताई गई है।

थाना अफजलपुर पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।

मध्यप्रदेश पुलिस का कहना है कि प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन, भंडारण और विक्रय में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow