हुसैन टेकरी पर चूल मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, DIG निमिष अग्रवाल ने लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा
कवच ऐप" से होगी होटलों की निगरानी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
जावरा।
रतलाम जिले के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हुसैन टेकरी पर आयोजित होने वाले पारंपरिक चूल मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में रतलाम रेंज के डीआईजी निमिष अग्रवाल ने शुक्रवार को हुसैन टेकरी पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने मेले में भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, सीसीटीवी निगरानी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि चूल मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
"कवच ऐप" से होगी डिजिटल निगरानी
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने "कवच ऐप" लागू किया है। इस ऐप से क्षेत्र के सभी होटल और लॉज संचालकों को जोड़ा जाएगा। होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की फोटो और पहचान पत्र (आईडी) की जानकारी ऐप पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। इससे पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों पर प्रभावी निगरानी रख सकेगी और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोका जा सकेगा।
कमेटी ने किया अधिकारियों का स्वागत
निरीक्षण के दौरान हुसैन टेकरी कमेटी की ओर से डीआईजी निमिष अग्रवाल एवं प्रशासनिक अधिकारियों का शाल, साफा और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मेले के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासन एवं कमेटी के बीच समन्वय पर भी चर्चा हुई।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि चूल मेला शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
What's Your Reaction?