सबका जीवन बचा सकें, यही मानव धर्म : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Sep 20, 2026 - 10:32
 0  9
सबका जीवन बचा सकें, यही मानव धर्म : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

उज्जैन की विक्रम उद्योगपुरी में जेके लाइफकेयर की नई औद्योगिक इकाई का शुभारंभ, API और फाइन केमिकल्स का होगा निर्माण

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 19 सितंबर को उज्जैन की विक्रम उद्योगपुरी में जेके लाइफकेयर सेंटर प्राइवेट लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का शुभारंभ किया। करीब 47 करोड़ रुपए के निवेश से शुरू हुई इस इकाई से 300 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की बात कही गई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जीवन अनमोल है और परमार्थ में ही जीवन की सार्थकता निहित है। समाज के हर लाचार, पीड़ित और जरूरतमंद व्यक्ति की मदद कर उसका जीवन बचाना ही मानव धर्म है। उन्होंने कहा कि जेके ग्रुप ने पीड़ित मानवता की सेवा के लिए जो संकल्प लिया है, उसमें सभी को सहभागी बनना चाहिए।

हर 15 दिन में नई औद्योगिक इकाइयों का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में लगभग हर 15 दिन में नई औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन और लोकार्पण हो रहा है। यह प्रदेश की उद्योग-मित्र नीतियों और निवेशकों के बढ़ते विश्वास का परिचायक है। उन्होंने निवेशकों से मध्यप्रदेश में निवेश करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार उन्हें जरूरी सुविधाएं, सहयोग और सुरक्षा उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने कहा कि मालवा क्षेत्र देश के प्रमुख फार्मा क्षेत्रों में शामिल हो रहा है। मध्यप्रदेश में 300 से अधिक फार्मा इकाइयां सक्रिय हैं और राज्य के कुल निर्यात में फार्मा क्षेत्र का करीब 20 प्रतिशत योगदान है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि जेके लाइफकेयर की नई इकाई उज्जैन में औषधि निर्माण के साथ अनुसंधान, नवाचार और रोजगार को गति देगी।

उज्जैन की विरासत का किया उल्लेख

डॉ. यादव ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में उज्जैन के पास अपनी समृद्ध 'नेचुरल इंटेलिजेंस' की विरासत है। भगवान श्रीकृष्ण, सम्राट विक्रमादित्य और राजा भोज जैसी महान हस्तियों से उज्जैन का महत्व हर कालखंड में जुड़ा रहा है।

उन्होंने जेके लाइफकेयर सेंटर प्राइवेट लिमिटेड के संचालक डॉ. कात्यायन मिश्र और डॉ. जया मिश्र के उज्जैन के विकास में योगदान का भी उल्लेख किया।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा- महाकाल की धरती से बड़ी शुरुआत

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की दिशा में महाकाल की धरती से बड़ी शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 के लिए उज्जैन में विकास और अधोसंरचना के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने विक्रम उद्योगपुरी में शुरू हो रहे उद्योगों को सफलता की मिसाल बनने की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कहा कि भारत ने आधुनिक विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत@2047 का लक्ष्य रखा है।

API और फाइन केमिकल्स का होगा निर्माण

जेके ग्रुप की नई औद्योगिक इकाई में करीब 47 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है। यहां एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (API), फार्मास्युटिकल इंटरमीडिएट्स और फाइन केमिकल्स का निर्माण होगा।

इकाई से 300 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की बात कही गई है। वहीं सप्लाई चेन, परिवहन, पैकेजिंग और तकनीकी सेवाओं के माध्यम से हजारों लोगों के लिए अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद जताई गई है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow