त्योहारी सीजन में खाद्य विभाग की कार्रवाई, नागपुर से भोपाल आई बस से मावा और मिल्क केक जब्त

Aug 25, 2026 - 09:44
 0  7
त्योहारी सीजन में खाद्य विभाग की कार्रवाई, नागपुर से भोपाल आई बस से मावा और मिल्क केक जब्त

भोपाल। त्योहारों के दौरान बाहर से आने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर निगरानी के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नादरा बस स्टैंड पर नागपुर से भोपाल आई एक बस की जांच की। जांच के दौरान बस से 150 किलो मावा और 166 किलो मिल्क केक बरामद हुआ।

मावा और मिल्क केक में मिलावट की आशंका होने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों खाद्य पदार्थों को जब्त कर उनके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

33 हजार रुपए कीमत का मिल्क केक

जांच के दौरान मिले 166 किलो मिल्क केक की कीमत करीब 33 हजार रुपए बताई गई है। विभाग के मुताबिक इसकी बुकिंग भोपाल की सब्जी मंडी स्थित लवली स्वीट्स के नाम से की गई थी। वहीं करीब तीन क्विंटल मावा और मिल्क केक नागपुर से भोपाल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर निगरानी

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के अनुसार त्योहारों को देखते हुए बाहर से भोपाल आने वाली खाद्य सामग्री की लगातार जांच की जा रही है। खाद्य विभाग ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर अपनी टीमें तैनात की हैं। हल्लापुरा, आईएसबीटी और नादरा बस स्टैंड के साथ भोपाल, बैरागढ़, निशातपुरा और आरकेएमपी रेलवे स्टेशन पर भी खाद्य सामग्री की निगरानी की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि नागपुर से आई खेप के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow