शिवगढ़ में हत्या का 10 घंटे में खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

Aug 20, 2026 - 21:41
 0  20
शिवगढ़ में हत्या का 10 घंटे में खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

भेड़ें खेत में घुसने को लेकर हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत; 3 बांस के डंडे और 4 मोबाइल जब्त

रतलाम, 20 अगस्त 2026। थाना शिवगढ़ क्षेत्र के ग्राम साग्लाखो में हुई हत्या की वारदात का रतलाम पुलिस ने करीब 10 घंटे में खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तीन ठोस बांस के डंडे और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

भेड़ें खेत में घुसने से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को ग्राम साग्लाखो निवासी सुखराम पिता मंगला भाभर ने थाना शिवगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सुखराम के खेत में सोयाबीन की फसल लगी हुई थी। शाम करीब 5:30 बजे भेड़ों के खेत में घुसने को लेकर भेड़ चराने वालों से विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर हराजी रेबारी, सोनाराम रेबारी, राजाराम रेबारी सहित अन्य लोगों ने सुखराम भाभर और उसके साथ मौजूद 60 वर्षीय मंगला पिता कानजी भाभर के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट कर दी।

इलाज के दौरान हुई मौत

मारपीट में मंगला भाभर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की और प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया।

पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में सघन सर्चिंग

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पान्द्रो के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी रतलाम ग्रामीण श्री किशोर पाटनवाला के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने ग्राम साग्लाखो के आसपास के पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में सघन सर्चिंग की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

ये पांच आरोपी गिरफ्तार

हराजी पिता लालाजी रेबारी, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम गिरवर, थाना गुड़ा, जिला पाली, राजस्थान।

सोनाराम उर्फ सुनाराम पिता पौसाजी रेबारी, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम कुरना, थाना गुड़ा, जिला पाली, राजस्थान।

राजाजी पिता भानाजी रेबारी, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम किरवा, थाना गुड़ा, जिला पाली, राजस्थान।

हमीराराम पिता लालारामजी रेबारी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम नयागांव, थाना गुड़ा, जिला पाली, राजस्थान।

तेजाजी उर्फ तेजाराम पिता जापाजी खोरी, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम लापूर, तहसील वाली, थाना गुड़ा, जिला पाली, राजस्थान।

तीन डंडे और चार मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त 3 ठोस बांस के डंडे और 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

हत्या की वारदात का त्वरित खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक रणजीतसिंह मकवाना, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदौरिया, अजमेरसिंह भुरिया, ईशाक मोहम्मद खान सहित पुलिस टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow