सरकारी जमीन पर गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़, 2,948 पौधे जब्त

Oct 1, 2026 - 22:02
 0  8
सरकारी जमीन पर गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़, 2,948 पौधे जब्त
सरकारी जमीन पर गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़, 2,948 पौधे जब्त

रतलाम। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशे की खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम उण्डेर में पुलिस ने शासकीय भूमि पर कपास और मक्का की फसल के बीच की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2,948 हरे गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन करीब 724 किलोग्राम बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम

ग्राम उण्डेर क्षेत्र में अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने की सूचना पुलिस को मुखबिर से मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पंद्रो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के नेतृत्व में थाना सरवन, सैलाना और बाजना की पुलिस टीमों का गठन किया गया।

टीमों ने ग्राम उण्डेर में पहाड़ी किनारे स्थित खेतों और आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग की। इस दौरान शासकीय भूमि पर कपास और मक्का की फसल के बीच बड़ी संख्या में गांजे के पौधे उगे मिले। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 2,948 पौधों को उखड़वाकर जब्त कर लिया।

खेती करने वालों की तलाश जारी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेती शासकीय भूमि पर की जा रही थी। पुलिस अब इस भूमि पर अवैध कब्जा कर खेती करने वाले लोगों और गांजे की खेती से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जिम्मेदार लोगों की पहचान होने के बाद उन्हें प्रकरण में आरोपी बनाया जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर उनकी भूमिका तय कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अवैध गांजे की खेती के पीछे जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

उत्पादन से लेकर बिक्री तक नेटवर्क पर कार्रवाई

रतलाम पुलिस के मुताबिक जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के साथ-साथ अवैध रूप से की जा रही नशे की खेती पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य मादक पदार्थों की पूरी श्रृंखला—उत्पादन, परिवहन और बिक्री—पर अंकुश लगाना है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी सरवन निरीक्षक अर्जुन सेमलिया, थाना प्रभारी सैलाना निरीक्षक पिंकी आकाश, थाना प्रभारी बाजना निरीक्षक रविन्द्र दण्डोतिया, उप निरीक्षक खान, उप निरीक्षक जीएल भूरिया, सैलाना अनुभाग के पुलिस स्टाफ और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे की खेती, तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow