भोपाल में एसआई राकेश मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
भोपाल।
राजधानी भोपाल में स्टेशन बजरिया थाने में पदस्थ 58 वर्षीय सब इंस्पेक्टर (एसआई) राकेश मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। शुक्रवार सुबह वे अपने कमरे में बेड पर अचेत अवस्था में मिले थे। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पत्नी चाय रखकर कमरे से बाहर गईं, लौटने पर बेड पर मिले अचेत
जानकारी के अनुसार, सुबह नहाने के बाद एसआई राकेश मिश्रा अपने कमरे में जाकर बेड पर लेट गए थे। उनकी पत्नी उनके लिए चाय रखकर कुछ देर के लिए कमरे से बाहर गई थीं। कुछ समय बाद जब वे वापस कमरे में पहुंचीं तो राकेश मिश्रा अचेत अवस्था में बेड पर पड़े मिले।
परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
करीब 10 साल से हृदय संबंधी बीमारी का चल रहा था इलाज
परिजनों के मुताबिक, राकेश मिश्रा पिछले करीब 10 वर्षों से हृदय संबंधी बीमारी का इलाज करा रहे थे। हालांकि उनकी मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन बजरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही एसआई राकेश मिश्रा की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?