दिव्यऋषि तिवारी की मौत के विरोध में प्रदेश कांग्रेस महासचिव संजीव सक्सेना ने किया पुतला दहन

Oct 1, 2026 - 20:28
 0  13
दिव्यऋषि तिवारी की मौत के विरोध में प्रदेश कांग्रेस महासचिव संजीव सक्सेना ने किया पुतला दहन

दोषी अधिकारियों पर धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग

भोपाल। 

युवा अधिवक्ता दिव्यऋषि तिवारी की विद्युत खंभे में करंट आने से हुई दुखद मृत्यु के विरोध में प्रदेश कांग्रेस महासचिव श्री संजीव सक्सेना के नेतृत्व में गुरुवार को डीबी मॉल के सामने पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान श्री संजीव सक्सेना ने कहा कि दिव्यऋषि तिवारी की मौत केवल एक हादसा नहीं, बल्कि संबंधित विभागों की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। शहर में खुले विद्युत तार, अव्यवस्थित विद्युत खंभे, मेट्रो निर्माण के कारण बदहाल सड़कें तथा स्मार्ट सिटी के नाम पर की गई अव्यवस्थाएं आमजन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि घटना के बाद सरकार द्वारा जांच कमेटी का गठन किया गया है, लेकिन अभी तक दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कोई स्पष्ट एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। कांग्रेस की मांग है कि जांच को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों की स्पष्ट जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित विद्युत एजेंसी से यह भी जांच कराई जाए कि घटनास्थल पर प्रॉपर अर्थिंग और इंसुलेशन की व्यवस्था थी या नहीं तथा इसमें किसी प्रकार की तकनीकी कमी तो नहीं थी।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि यदि जांच में किसी अधिकारी या जिम्मेदार व्यक्ति की लापरवाही के कारण दिव्यऋषि तिवारी की मृत्यु होना प्रमाणित होता है, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध धारा 302 सहित भारतीय न्याय संहिता की लागू धाराओं के तहत कठोर आपराधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही नगर निगम प्रशासन, स्मार्ट सिटी, विद्युत विभाग और मेट्रो कॉरपोरेशन सहित जिन-जिन विभागों की भूमिका सामने आती है, उनकी जिम्मेदारी स्पष्ट की जाए।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन केवल दिव्यऋषि तिवारी को न्याय दिलाने और दोषियों की जवाबदेही तय करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य शासन-प्रशासन का ध्यान भोपाल की आम जनता की सुरक्षा की ओर आकर्षित करना भी है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और विकास कार्यों के दौरान किसी भी नागरिक की जान जोखिम में न पड़े, इसके लिए संबंधित विभागों को अपनी व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों की गंभीरता से समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भोपाल की जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विद्युत व्यवस्था, सड़क निर्माण, मेट्रो कार्य और स्मार्ट सिटी से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कांग्रेस आमजन की सुरक्षा और उनके जीवन की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी, ताकि भविष्य में किसी परिवार को ऐसी दुखद घटना का सामना न करना पड़े।

इस दौरान जिला कांग्रेस संगठन महामंत्री श्री अभिषेक शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षगण श्री राहुल सिंह राठौड़, श्री दीपू तोमर, श्री सुशील प्रजापति, श्री अजय श्रीवास्तव, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष श्री प्रणव सक्सेना, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष श्री महेंद्र यादव, महासचिव श्री अनिल यादव, प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव श्री धनंजय गिरी, जिला युवा कांग्रेस महासचिव श्री अभय रामभक्त, श्री हिमांशु धाकड़, श्री पुनीत टंडन सहित बड़ी संख्या में युवा साथी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow