कार की डिग्गी से 600 क्वार्टर देशी शराब बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Oct 6, 2026 - 22:24
 0  10
कार की डिग्गी से 600 क्वार्टर देशी शराब बरामद, आरोपी गिरफ्तार

मुगलसराय पुलिस ने 12 पेटी शराब और स्विफ्ट डिजायर जब्त की, कुल मशरूका 8.60 लाख रुपए

विदिशा। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कार से 12 पेटी देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर शराब और परिवहन में प्रयुक्त कार जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 8 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम प्यासी-चौपना रोड की ओर से एक सफेद रंग की कार तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा कर घेराबंदी की। ग्राम प्यासी के कच्चे रास्ते पर गौड़ देवता के पास कार को रोककर चालक को हिरासत में लिया गया।

वाहन की तलाशी लेने पर कार की डिग्गी में 11 पेटी देशी मदिरा मसाला और एक पेटी देशी मदिरा प्लेन, कुल 12 पेटी शराब मिली। इन पेटियों में कुल 600 क्वार्टर रखे हुए थे। पुलिस ने शराब की कीमत करीब 60 हजार रुपए और शराब परिवहन में प्रयुक्त मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार की कीमत करीब 8 लाख रुपए आंकी है।

पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र यादव (29), निवासी ग्राम सारंगपुर, थाना सिरोंज को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 143/26 में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी एवं एसडीओपी अमरेश बोहरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुगलसराय उनि प्रकाश भिलाला के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक संतोष कुमार, आरक्षक राजकुमार रघुवंशी, आकाश राणा, नीरज राय, रतिराम अहिरवार, महिला आरक्षक बालकुमारी एवं आयुषी मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow